फोटो 10: सोनीपत के मामचंद क्रिकेट क्लब में ट्रायल प्रक्रिया के दौरान व्हीलचेयर क्रिकेट खिलाड़ि
सोनीपत। हरियाणा व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन (एचडब्ल्यूसीए) ने मुरथल स्थित मामचंद क्रिकेट क्लब में यूनिटी टूर्नामेंट के लिए ट्रायल का आयोजन किया। इसमें प्रदेश के 60 से अधिक व्हीलचेयर क्रिकेटरों ने भाग लिया।
टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने पहुंचकर एसोसिएशन को समर्थन देते हुए हरियाणा व्हीलचेयर क्रिकेट टीम को और मजबूत करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने का वादा किया।
कार्यक्रम की शुरुआत संयुक्त अभ्यास सत्र से हुई। इसमें नए खिलाड़ियों को व्हीलचेयर क्रिकेट के नियमों से अवगत करवाया गया। उन्हें अपना कौशल दिखाने के लिए नेट अभ्यास कराया गया। वरिष्ठ खिलाड़ियों ने नए खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।
उन्होंने खूबियों और कमजोरियों का ध्यानपूर्वक अवलोकन करवाया। साथ ही उनमें अनुशासन और खेल भावना का संचार किया। पहले दिन के मैचों में सभी नए खिलाड़ियों ने भाग लिया।
दूसरे और तीसरे दिन के मैचों में वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ शीर्ष प्रदर्शन करने वाले नए खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया जिससे उन्हें निर्देशित भागीदारी और वास्तविक समय में मार्गदर्शन का अवसर मिला। प्रत्येक खिलाड़ी के प्रदर्शन को बारीकी से नोट किया गया।
एचडब्ल्यूसीए के अध्यक्ष तरंग कश्यप ने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित करते हुए इस बात पर जोर दिया कि एचडब्ल्यूसीए का लक्ष्य युवा, गतिशील और प्रतिभा संचालित हरियाणा व्हीलचेयर क्रिकेट टीम का निर्माण करना है।
कप्तान बलराम कौशिक और उनके खिलाड़ियों की टीम ने इस टूर्नामेंट के सुचारु आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फोटो 10: सोनीपत के मामचंद क्रिकेट क्लब में ट्रायल प्रक्रिया के दौरान व्हीलचेयर क्रिकेट खिलाड़ि