संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। बारिश के बाद मौसम में आए बदलाव का असर अब लोगों की आंखों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल के नेत्र रोग ओपीडी में इन दिनों आंखों में खुजली, लालपन, पानी आना, जलन और धुंधला दिखाई देने जैसी शिकायतों के साथ बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि मौसम में अचानक बदलाव के दौरान संक्रमण और एलर्जी का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए समय रहते सावधानी बरतना जरूरी है। इसके साथ ही भंगेल सीएचसी में भी मरीज पहुंच रहे, जिनको आंखों की दवाई देकर भेजा जाता है।
जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज त्रिपाठी ने बताया कि इन दिनों रोजाना औसतन 25 मरीज आंखों से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि ओपीडी 100 से ज्यादा दी होती है जिसमें आंखों के ऑपरेशन और आई साइट वीक होने के मामले काफी होते हैं। मौसमी बदलाव के बाद पहुंच रहे मरीजों में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं।
डॉक्टरों के अनुसार बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से बैक्टीरिया और वायरस तेजी से सक्रिय हो जाते हैं। वहीं धूल, परागकण और अन्य एलर्जी पैदा करने वाले तत्व भी आंखों को प्रभावित करते हैं। ऐसे में जिन लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है या जिन्हें पहले से एलर्जी की समस्या रहती है, उनमें आंखों का संक्रमण जल्दी फैल सकता है।
डॉ. पंकज ने बताया कि बारिश के मौसम में व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। आंखों को बार-बार हाथ से नहीं छूना चाहिए और बाहर से आने के बाद साफ पानी से चेहरा व आंखों के आसपास की सफाई करनी चाहिए। संक्रमित व्यक्ति का तौलिया, रूमाल या तकिया साझा करने से भी बचना चाहिए, क्योंकि इससे संक्रमण दूसरे लोगों में फैल सकता है।
क्या रखें सावधानी
-आंखों को गंदे हाथों से न छुएं
-बिना डॉक्टर की सलाह के आई ड्रॉप का इस्तेमाल न करें
-बाहर से आने के बाद आंखों और चेहरे को साफ पानी से धोएं
-संक्रमित व्यक्ति का तौलिया या रूमाल साझा न करें
-आंखों में तेज दर्द, सूजन या धुंधलापन होने पर तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें