- ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में ओटीएस मंजूर, 59 हजार से अधिक आवंटियों को राहत
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शहर में इस साल पानी महंगा नहीं होगा। प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में पानी की दरों को इजाफा नहीं करने का फैसला लिया गया है। इसका लाभ शहर के 59 हजार से अधिक आवंटियों को मिलेगा। वहीं बोर्ड ने बकाया पानी बिल पर एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को मंजूरी दी है। तीन माह तक लागू रहने वाली ओटीएस योजना में बकाया बिल जमा करने में 40 से 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। ओटीएस योजना के माध्यम से प्राधिकरण का 290 करोड़ बकाया वसूलने का लक्ष्य है।
वर्ष 2013-14 में ग्रेनो प्राधिकरण की बोर्ड बैठक जल शुल्क में हर साल 10 फीसदी वृद्धि करने का फैसला लिया गया था। उसके बाद से हर साल 10 प्रतिशत की वृद्धि हो रही है। एक अप्रैल से भी 10 प्रतिशत की वृद्धि लागू हो गई लेकिन शहर के निवासियों ने इस वृद्धि का विरोध किया और पानी बिल में वृद्धि नहीं करने की अपील की। इस संबंध में जनप्रतिनिधियों और आरडब्ल्यूए की तरफ से भी पत्र लिखकर बढ़ा शुल्क वापस लेने की मांग की। प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने 10 प्रतिशत वृद्धि नहीं करने का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में रखा। जिसे बैठक में स्वीकार कर लिया गया है। अफसरों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में पानी की दरों में 10 प्रतिशत की वृद्धि नहीं होगी।
बकाया बिल जमा करने पर 40 प्रतिशत तक की छूट
अधिकारियों ने बताया कि ओटीएस योजना तीन माह तक लागू रहेगी। इसके तहत 30 जून तक पानी का बकाया बिल जमा करने वाले आवंटियों को 40 प्रतिशत की छूट मिलेगी। जबकि 31 जुलाई बकाया जमा करने पर 30 प्रतिशत और 31 अगस्त पैसे जमा करने पर 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके बाद योजना समाप्त हो जाएगी।
किस पर कितना बकाया
सोसाइटियों पर 146 करोड़
आवासीय आवंटियों पर 65 करोड़
संस्थागत पर 50 करोड़
उद्योगों पर 14.16 करोड़
आवासीय समितियों पर 10 करोड़