आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दो अक्तूबर 2025 को भाटिनपारा निवासी राममिलन यादव ने तहरीर दी थी कि उनका 16 वर्षीय पुत्र अंकित यादव कोचिंग से लौटते समय विपक्षियों द्वारा पुरानी रंजिश को लेकर लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर इसके बाद उनके घर पहुंचे और पुनः अंकित यादव सहित अंगद यादव, हीरानन्द, राममिलन यादव और उनकी पत्नी अनरमा यादव को भी पीटकर घायल कर दिया तथा जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना फूलपुर पर मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना उपनिरीक्षक अनुराग कुमार पांडेय को सौंपी गई थी। विवेचना के क्रम में पुलिस ने दो अक्तूबर को भोरमऊ मौर्या बस्ती की ओर जाने वाली सड़क पर शारदा नहर पुल के पास से वांछित आरोपी लोरिक यादव निवासी भाटिनपारा फूलपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक लाठी भी बरामद की है।