नोएडा। सोमवार शाम को आई तेज आंधी और बारिश के दौरान चोटपुर कॉलोनी में मंदिर की प्रस्तावित जमीन पर खड़ी दीवार गिर गई। हादसे में कीर्तन कर रहीं 6 महिलाएं और 3 बच्चों समेत 10 लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की सहायता से सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इसमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस की मीडिया सेल के मुताबिक कोतवाली सेक्टर-63 क्षेत्र में चोटपुर कॉलोनी में प्लॉट पर मंदिर प्रस्तावित है। सोमवार शाम को वहां पर कुछ महिलाएं, बच्चे और अन्य लोग कीर्तन कर रहे थे। शाम को आई तेज आंधी और बारिश के कारण दीवार गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महज चार इंच की दीवार गिरने से मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे में चोटपुर कॉलोनी निवासी रीना (35), संगीता (38), आकांक्षा (33), लीलावती(60), सीमा(40), बेबी(55), गोलू(5),
स्नेहा (12), हरमन कुमार (10) और नीरज (40) दीवार के मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने पुलिस की सहायता से सभी लोगों को बाहर निकाला और अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मीडिया सेल के मुताबिक दीवार के मलबे में दबी लीलावती की हालत गंभीर है और उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। एसीपी अब्दुल कादिर ने बताया कि हादसे में 9 घायलों का इलाज नोएडा के अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है।