बहुद्देशीय सहकारी समिति डोईवाला की एकमात्र तेलीवाला सीट पर बुधवार को मतदान कराया जाएगा। 67 मतदाताओं वाली तेलीवाला सीट पर आमने-सामने की टक्कर हो रही है। निर्वाचित सदस्य बृहस्पतिवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे।
बहुद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति प्रेमनगर बाजार डोईवाला में प्रबंध कमेटी के सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया के तहत बुधवार को एकमात्र तेलीवाला सीट पर चुनाव कराया जाएगा। बता दें कि पूर्व में हुई चुनाव प्रक्रिया के तहत 11 में से नौ सीटों पर चुनाव हो गया था। अब दो सीटों के लिए चुनाव कराया जा रहा है। जिसमें बुल्लावाला सीट पर एकमात्र नामांकन होने से निर्विरोध चयन हो गया है।
अब तेलीवाला सीट के लिए बुधवार को मतदान होगा। तेलीवाला सीट पर गुलिस्ता परवीन और तरन्नुम बानो के बीच मुकाबला है। 67 मतदाताओं को गोलबंद करने के लिए दोनों उम्मीदवार और समर्थक दिन-रात एक कर रहे हैं। वहीं, प्रबंध कमेटी के चुनाव के बाद बृहस्पतिवार को समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के अलावा संस्थाओं को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव होगा।
बता दें कि प्रबंध कमेटी के निर्वाचित 11 सदस्य और सरकार द्वारा नामित एक सदस्य मिलाकर 12 लोग अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे। चुनाव अधिकारी पंकज खन्ना ने बताया कि प्रबंध कमेटी की तेलीवाला सीट के लिए सुबह नौ बजे से चार बजे तक मतदान और उसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित होगा। बृहस्पतिवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।