वार्डन की वापसी के बाद तनाव कायम, खौफजदा छात्राएं बोलीं- वार्डन करतीं हैं पिटाई, ऐसे माहौल में पढ़ना मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
उनवल (गोरखपुर)। खजनी तहसील क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय उसवा बाबू में सोमवार को वार्डन अर्चना पांडेय की ज्वाइनिंग को लेकर भारी हंगामे के बाद मंगलवार को भी माहौल सामान्य नहीं हो सका। छात्राओं में डर का माहौल है। कई छात्राएं स्कूल छोड़कर घर चली गईं हैं। वहीं, अभिभावकों का कहना है कि ऐसे माहौल में बेटियों को पढ़ने के लिए नहीं भेजेंगे।
सोमवार को कोर्ट के आदेश पर वार्डन को दोबारा कार्यभार ग्रहण कराने पहुंचे अधिकारियों को छात्राओं और अभिभावकों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा था। रोष इतना अधिक था कि कई छात्राएं रोते-बिलखते विद्यालय परिसर से निकल गईं और शिक्षण कार्य बाधित हो गया। विभागीय अधिकारी केवल 10 से 12 छात्राओं के स्कूल छोड़ने की पुष्टि कर रहे हैं, जबकि अभिभावकों और ग्रामीणों का कहना है कि 120 छात्राओं में 70-80 छात्राएं वार्डन के डर से स्कूल नहीं लौटीं हैं।
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि वार्डन के रहते बच्चियां लगातार डर में रहती थीं और कठोर दंड झेलती थीं। कई छात्राएं अधिकारियों के सामने फफक पड़ीं। अभिभावकों का कहना है जब तब यह वार्डन रहेंगी तक हमारी बच्चियों स्कूल नहीं जाएंगे। स्कूल छोड़कर गईं छात्राओं ने बताया कि वार्डन बिना बात के ही पिटाई करतीं हैं। हम लोग गलती नहीं करते है फिर भी प्रताड़ित करतीं हैं। इस वजह से अगर वह रहेंगी तो हम लोग स्कूल नहीं जाएंगे।
00
बोले अभिभावक
हमारी बेटी डरी हुई है। पढ़ाई का माहौल खत्म हो गया है। हम कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हैं पर अपनी बेटियों की सुरक्षा से समझौता नहीं करेंगे। वार्डन हमारे बच्चों को प्रताड़ित करतीं थीं। हम लोग जब मिलने जाते थे तो भी काफी परेशानी होती थी।
- दीपाली यादव,
स्कूल में माहौल बहुत खराब है। मेरी बच्ची भयभीत है। जब तक वह महिला वार्डन के रूप में तैनात रहेगी तब तक अपनी बेटी को स्कूल नहीं भेजेंगे। हमारे लिए बच्चियों की सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है, इससे समझौता नहीं किया जा सकता।
- अशोक कुमार, खुटभार
अगर वार्डन को यहीं रखना है तो हमारी बच्चियां स्कूल नहीं जाएंगी। हम पढ़ाई घर से करवाएंगे लेकिन डर के माहौल में नहीं भेजेंगे। ऐसे माहौल में बच्चों को रखना ठीक नहीं। वहां भेजकर बच्चियों का भविष्य नहीं खराब करना।
- सुंद्रावती देवी, आशापार
00
विद्यालय में शिक्षण कार्य ठप
डीसी बालिका पंकज सिंह और बीईओ सावन दुबे ने सोमवार को विरोध शांत कराने की कोशिश की लेकिन हालात काबू में नहीं आए। कोर्ट आदेश का पालन और छात्राओं-अभिभावकों की आपत्ति दोनों के बीच प्रशासन फंसा हुआ है। विद्यालय का माहौल अभी भी तनावपूर्ण है और शिक्षण कार्य ठप पड़ा है। अभिभावकों की मांग है कि छात्राओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच हो, काउंसलिंग कराई जाए और तभी अगला निर्णय लिया जाए।