सौरभ भारद्वाज ने सचिव के खिलाफ लिखा शिकायती पत्र
कहा- हादसे के चार दिन बाद भी स्वास्थ्य सचिव गायब
बार-बार फोन, मैसेज और ईमेल का नहीं दे रहे जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने विवेक विहार के न्यू बॉर्न बेबी केयर अस्पताल में आग लगने के मामले में स्वास्थ्य सचिव की शिकायत केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला से की है। पत्र में मंत्री ने आरोप लगाया है कि हादसे के चार दिन बाद भी स्वास्थ्य सचिव गायब हैं। बार-बार फोन, मैसेज और ईमेल के बाद भी कोई जवाब नहीं आया है। वहीं, नौकरशाही के मुखिया उपराज्यपाल वीके सक्सेना भी इस मामले में सियासत कर रहे हैं। भारद्वाज के मुताबिक, जो अधिकारी आदेश नहीं मानते, फ्री इलाज व जनता के काम रोकते है उन्हें उपराज्यपाल का संरक्षण प्राप्त है। उपराज्यपाल ने अभी तक स्वास्थ्य सचिव के विषय में एक शब्द भी नहीं कहा है।
भारद्वाज ने पत्र में सिलसिलेवार ढंग से विवेक विहार हादसे की जानकारी दी है। उनका कहना है कि हादसे पर जो जानकारी अपने स्वास्थ्य सचिव से मिलनी चाहिए थी, उसके लिए मीडिया पर निर्भर रहना पड़ा। 27 मई की समीक्षा बैठक में मौजूद रहने की जहमत भी स्वास्थ्य सचिव ने नहीं उठाई। पूछताछ में पता चला कि वे छुट्टी पर हैं, लेकिन इसकी जानकारी अपने मंत्री को नहीं दी। हालात बहुत गंभीर हैं, इसीलिए गृह सचिव को पत्र लिखना पड़ा। क्या केंद्र सरकार ऐसे अधिकारियों को संरक्षण दे रही है। क्या ऐसे अधिकारियों पर कोई कार्रवाई होगी। इसकी शिकायत कायदे से उपराज्यपाल को करनी चाहिए थी, लेकिन दो साल से उन्होंने कभी भी अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की। उम्मीद है कि केंद्रीय गृह सचिव इस मामले में उपयुक्त कार्रवाई करेंगे।