दनकौर के उस्मानपुर गांव में सड़क पर भरे कीचड़ में धान की रोपाई कर जताया विरोध। स्रोत ग्रामीण
- दनकौर में लंबे समय से परेशान है ग्रामीण, आए दिन फिसलकर गिरते हैं राहगीर और दोपहिया वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के स्मार्ट विलेज उस्मानपुर में जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। समाजसेवी शाहरुख चौधरी और अलाउद्दीन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान बदहाल सड़क की ओर खींचा। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के साथ गांव में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि उस्मानपुर को स्मार्ट विलेज घोषित किए जाने के बावजूद गांव की सड़कें खस्ताहाल हैं। बरसात में जगह-जगह जलभराव से स्कूली बच्चों, महिलाओं, किसानों और बुजुर्गों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो ग्रामीण आंदोलन करने को विवश होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण, बेहतर जल निकासी, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।