यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में दिखेगी वियतनाम की संस्कृति
- आयोजन में वियतनाम है मुख्य साझीदार, दोनों देशों के बीच संबंध होंगे मजबूत
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 सितंबर से होने वाला यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला- 2024 में वियतनाम की संस्कृति, व्यापारिक गतिविधियां और वहां के व्यंजनों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। फो, स्प्रिंग रोल्स, बन्ह मी समेत स्वादिष्ट भोजन शामिल हैं। आयोजन में वियतनाम मुख्य साझीदार के रूप में शामिल हो रहा है।
25 से 29 सितंबर तक चलने वाले इस मेले में वियतनाम के राजदूत गुयेन थान विशिष्ट अतिथि होंगे। राजदूत ने इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार से मुलाकात की। उन्होंने तमिलनाडु और अन्य राज्यों में वियतनाम के निवेश को बढ़ावा देने और उत्तर प्रदेश में नए अवसरों की खोज करने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा, यह साझेदारी दोनों क्षेत्रों के बीच व्यापारिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के दरवाजे खोलेगी। साथ ही द्विपक्षीय संबंध मजबूत होंगे।
डॉ. राकेश कुमार ने कहा, राज्य भागीदार के रूप में वियतनाम विशेष वियतनाम-भारत फोरम और यूपी-वियतनाम टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन करेगा। इससे पर्यटन क्षेत्र में आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को मजबूती मिलेगी। उत्तर प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे वियतनाम के विमान प्रदर्शकों के लिए नई संभावनाएं प्रस्तुत करेंगे। ताकि दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी में वृद्धि हो। मेले में दर्शकों को वियतनाम की समृद्ध धरोहर, संगीत और पारंपरिक नृत्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन भारतीय दर्शकों को वहां की कलात्मक विरासत की सुंदरता और गहराई से परिचित कराएगी। साथ ही मेले में वियतनाम सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ अपने स्थानीय व्यंजनों की एक शृंखला भी प्रस्तुत करेगा।