युवक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लगाया रिश्वत मांगने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। परी चौक पर यातायात पुलिसकर्मी के साथ कुछ युवकों के बहस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक युवक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पुलिसकर्मी पर जांच के नाम पर रिश्वत मांगने और छात्रों के साथ गाली गलौज करने का आरोप लगाकर जांच की मांग की है।
सोशल मीडिया पर वायरल दो वीडियो में तीन से चार युवक एक पुलिसकर्मी के साथ बहस कर रहे हैं और दो हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाकर वीडियो बनाने की बात कर रहे हैं। वहीं पुलिसकर्मी भी वीडियो बना रहे हैं। पोस्ट करने वाले ने आरोप लगाया है कि परी चौक पर दरोगा ने रिश्वत नहीं देने पर बाइक को सीज कर दिया। उन्होंने पुलिस को टैग कर जांच करने की मांग की है। वहीं यातायात पुलिस अफसरों का कहना है कि बाइक पर तीन युवक सवार थे। उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है, वो छात्र नहीं हैं। साथ ही रिश्वत मांगने का आरोप झूठा है। युवकों ने पुलिसकर्मी के साथ बदतमीजी की है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।