फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा पीएनबी घोटालाः 'पूरा पैसा वापस आए', पीड़ित खाताधारकों की मांग; किसान संगठनों ने दी बड़ी चेतावनी

Mon, 02 Nov 2026 07:04 PM IST
अनुज कुमार माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा

सार

पीएनबी घोटाले के पीड़ितों ने बैंक पर हंगामा किया और तालाबंदी का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें शनिवार तक रकम वापस कराने का भरोसा दिया है।
विज्ञापन
पीएनबी घोटाले के पीड़ितों का हंगामा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की ऐच्छर गांव स्थित शाखा में 35 करोड़ रुपये से अधिक की कथित हेराफेरी के मामले में सोमवार को खाताधारकों का गुस्सा फूट पड़ा। बैंक प्रबंधन के खिलाफ खाताधारकों, किसानों, अधिवक्ताओं और मजदूर संगठनों ने महापंचायत कर प्रदर्शन किया। लोगों ने बैंक परिसर में नारेबाजी करते हुए तालाबंदी का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार तक सभी पीड़ितों की रकम वापस कराने का भरोसा दिया, जबकि किसान संगठनों ने बृहस्पतिवार तक का अल्टीमेटम दिया है।

विज्ञापन




सोमवार सुबह करीब 11 बजे से बैंक परिसर में महापंचायत शुरू हुई। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बैंक का कोई जिम्मेदार अधिकारी बाहर आकर रकम वापसी की समयसीमा बताए। दोपहर 12:30 बजे किसानों का प्रतिनिधिमंडल बैंक मैनेजर से मिला, लेकिन आरोप है कि उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इससे नाराज लोगों ने दोपहर एक बजे तक रकम वापस करने की मांग की। निर्धारित समय तक कोई अधिकारी बाहर नहीं आया तो खाताधारक बैंक के प्रवेश द्वार पर पहुंच गए और शटर गिराकर ताला लगाने का प्रयास किया। 
विज्ञापन


पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार और बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने लोगों को समझाकर शांत कराया। धरनास्थल पर पहुंचे एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच सीबीआई कर रही है। बैंक को कुल 58 शिकायतें मिली हैं। इनमें 16 शिकायतों का निस्तारण कर करीब 7.80 करोड़ रुपये वापस किए जाने की जानकारी दी गई है। बाकी शिकायतों पर भी कार्रवाई जारी है। 

शनिवार तक सभी खाताधारकों की रकम वापस करा दी जाएगी। जिन खातों में रकम वापस आ गई है, उनके खाताधारकों को निकासी से पहले दोबारा केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अधिवक्ता उमेश भाटी ने कहा कि पीड़ितों को अब आश्वासन नहीं, बल्कि खातों में पूरी रकम चाहिए। किसान संगठनों ने बृहस्पतिवार तक सभी खाताधारकों का पैसा वापस करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। दोपहर करीब 2:15 बजे महापंचायत समाप्त हुई।

पीएनबी की तरफ से आया बयान
पीएनबी ने बयान में कहा, 'पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) ने अपनी ग्रेटर नोएडा शाखा में कुछ ग्राहकों के सावधि जमा (एफडी)/बचत बैंक (एसबी) खातों से संबंधित कथित वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लिया है। इस मामले की प्राथमिकता के आधार पर जांच की जा रही है तथा बैंक संबंधित अधिकारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान कर रहा है और तथ्यों की पुष्टि करने, रिपोर्ट की गई विसंगतियों की सीमा का आकलन करने और प्रभावित ग्राहकों की चिंताओं का समाधान करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है। इसके अतिरिक्त, अब तक ₹43 लाख की राशि से संबंधित तीन दावों का निपटान किया जा चुका है। बैंक अपने ग्राहकों को आश्वस्त करता है कि सभी वास्तविक एवं वैध दावों का भुगतान किया जाएगा।'
विज्ञापन


पीएनबी ने आगे कहा, 'पीएनबी धोखाधड़ी, वित्तीय अनियमितताओं और कदाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाता है तथा जो भी व्यक्ति इसके लिए उत्तरदायी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध लागू नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैंक ग्राहकों के हितों की सुरक्षा करने, परिचालन संबंधी सत्यनिष्ठा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने तथा सुरक्षा उपायों को और सुदृढ़ करने एवं ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अपने आंतरिक नियंत्रण और निगरानी तंत्र को निरंतर सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।'

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें