-एडीएम ने वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर की बैठक, सभी पेट्रोल पंपों पर पीयूसीसी एप चालू करने के निर्देश
ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए एक अक्तूबर से बिना वैध पीयूसीसी प्रमाणपत्र वाले वाहनों को पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस, परिवहन विभाग, तेल कंपनियों के बिक्री अधिकारी और पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल ने बताया कि जिले के 113 पेट्रोल पंपों में से 97 पर पीयूसीसी एप स्थापित हो चुका है। शेष 16 पंपों पर एप लगाने की प्रक्रिया चल रही है। तकनीकी समस्या के समाधान के लिए लखनऊ की टीम को सूचना दी गई है। एक अक्तूबर तक सभी कार्यरत पंपों पर एप चालू करने का लक्ष्य है। एप से वाहन की पीयूसीसी स्थिति पांच से 10 सेकंड में पता चल जाएगी।
पंप संचालकों ने मांगा पुलिस बल-
पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने पीयूसीसी जांच के दौरान विवाद और कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका जताते हुए पंपों पर पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की। पुलिस विभाग के अधिकारी ने बताया कि सभी थानों को पहले ही आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर संबंधित थाना पुलिस सहयोग करेगी। अधिकारियों ने बताया कि विवाद की स्थिति में पेट्रोल पंप संचालक डायल-112 की मदद ले सकते हैं। पुलिस का प्रतिक्रिया समय करीब साढ़े तीन मिनट बताया गया। पंप संचालकों को नियमों की जानकारी देने के लिए बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। ब्यूरो