रुस्तमपुर, मिर्जापुर तक जा रही छह लेन की सड़क का जर्जर है 100 मीटर का रास्ता
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। छह लेन के रबूपुरा-रुस्तमपुर मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे वाहनों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। यमुना एक्सप्रेसवे से सटे मुख्य मार्ग से संबद्ध हो रहे रास्ते पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। इसके कारण रबूपुरा और रुस्तमपुर आदि गांवों के लिए जाने वाले वाहन चालकों का निकलना मुश्किल है। झाझर-रबूपुरा-भाईपुर मार्ग इन दिनों कांवड़ियों के आने से बंद है। इसके कारण वाहन चालक रुस्तमपुर के रोड से जाने को मजबूर हैं।
यमुना एक्सप्रेसवे से सटे ग्रेटर नोएडा-दनकौर-रबूपुरा मार्ग पर नारायणा पब्लिक स्कूल के पास छह लेन का संपर्क मार्ग कुछ वर्ष पहले बनाया जा रहा था। लगभग तीन किलोमीटर बने इस मार्ग से रुस्तमपुर और मिर्जापुर के लिए वाहन चालक जाते हैं। लंबे समय से यह सड़क जहां से शुरू होती है, वहां पर लगभग 100 मीटर रास्ता पूरी तरह उबड़-खाबड़ हो गया है।
यहां पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हैं कि कारें और अन्य बड़े वाहन पलट जाते हैं। साथ ही कई बार बाइक और स्कूटी सवार गिरकर घायल हो गए हैं। बारिश के दिनों में यहां डेढ़ से दो फुट तक पानी भर जाता है। ऐसे में यहां से निकलना चुनौती है। ग्रामीण कई बार इसे बनवाने की मांग कर चुके हैं लेकिन समाधान नहीं निकला है।
-
दनकौर तक जाना था संपर्क मार्ग
प्राधिकरण ने इस छह लेन के संपर्क मार्ग को सेक्टरों के साथ-साथ रुस्तमपुर, मिर्जापुर होते हुए दनकौर क्षेत्र पारसौल होते हुए दनकौर कस्बे तक के लिए कार्य शुरू किया था। बाद में किसानों से भूमि और मुआवजे को लेकर विवाद में यह मार्ग केवल तीन किलोमीटर तक बना है।
-
रुस्तमपुर से जौनमाना चामुंडा मंदिर होते हुए जाते हैं रबूपुरा
कांवड़ यात्रा के लिए रबूपुरा-भाईपुर रोड बंद कर दी गई है। ऐसे में रबूपुरा और झाझर जाने वाले यात्री, रुस्तमपुर रोड पर आगे जाकर जौनचाना मंदिर की ओर से होते हुए रबूपुर निकलते हैं।