चिल्ला समेत कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस रहा तैनात वैकल्पिक मार्गों पर भी बढ़ा दबाव
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कांवड़ यात्रा के चलते रविवार को लागू डायवर्जन के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। दिल्ली से नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को लंबा रास्ता तय करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक समय लगा।
चिल्ला बॉर्डर, डीएनडी, सेक्टर-14ए, महामाया फ्लाईओवर, नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे, कालिंदी कुंज और फिल्म सिटी के आसपास ट्रैफिक का दबाव लगातार बना रहा। कई वाहन आंतरिक सड़कों से निकाले गए, जिससे सेक्टरों की सड़कों पर भी जाम की स्थिति देखने को मिली। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों को पहले से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों पर भेजा गया। डीएनडी से शनि मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर बेरिकेड लगा दी गई हैं ताकि वाहन न गुजर सकें। डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने बताया वाहनों को नियमित निकाला जा रहा है। ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करके मालवाहक वाहन बदले रास्ते से गुजारे जा रहे हैं।