सर्वे में खरीदारों ने कहा, रेरा में अभी काफी सुधार की जरूरत
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) राष्ट्रीय कॉन्क्लेव को लेकर खरीदारों में अपने कामकाज का सर्वे करा रहा है। सर्वे के दौरान ज्यादातर खरीदारों ने कहा है कि अभी काफी सुधार करने की जरूरत है। सबसे बड़ी समस्या रेरा के आदेशों का पालन नहीं होना है। हालांकि, अभी सर्वे चल रहा है। वहीं, कॉन्क्लेव में नोएडा-ग्रेटर नोएडा के 300 से अधिक खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद है।
यूपी रेरा 4 नवंबर को लखनऊ में राष्ट्रीय कॉन्क्लेव कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। कार्यक्रम में नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बिल्डर और खरीदारों को शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। इसको लेकर रेरा ने क्रेडाई और बायर्स एसोसिएशन से संपर्क किया है। रेरा के अफसरों का कहना है कि करीब 300 खरीदारों को कॉन्क्लेव में ले जाने का लक्ष्य है। बायर्स एसोसिएशन ने सहमति दी है। खरीदारों के ले जाने और वापस भेजने, खाने और ठहरने की निशुल्क व्यवस्था रहेगी। कॉन्क्लेव को लेकर ही रेरा खरीदारों से अपने कामकाज को लेकर सर्वे करा रहा है। इसके तहत ट्विटर पर एक लिंक के माध्यम से 16 सवालों के जवाब मांगे गए हैं। बड़ी संख्या में खरीदारों ने रेरा के सवालों का जवाब दिया है। ज्यादातर खरीदार रेरा को लेकर संतुष्ट नहीं दिखे हैं। खरीदारों का सवालों के जवाब के माध्यम से कहना है कि रेरा के आदेशों का बिल्डर समय पर पालन नहीं कर रहे हैं। अगर आदेशों का पालन नहीं होगा तो फिर रेरा पर खरीदार क्यों भरोसा करें। रेरा को और सख्त करने की जरूरत है। ताकि, बिल्डर हर आदेश का समय पर पालन करें।