नोएडा। जिले में सोमवार को मात्र 15 केंद्रों पर ही टीकाकरण होगा। इसका कारण स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन की कमी होना है। जिले में एक बार फिर टीकाकरण की रफ्तार घटती जा रही है। पिछले महीनों में 60 से अधिक केंद्रों पर रोज 15-20 हजार लोगों का टीकाकरण होता था। वहीं, पिछले सप्ताह यह व्यवस्था घटकर सिर्फ 42 केंद्रों पर ही रह गई थी। इस सप्ताह हालात और भी बिगड़ते नजर आ रहे हैं।
वैक्सीन की उपलब्धता बढ़ने के बजाय लगातार घटती जा रही है। अब मात्र 3-4 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। शनिवार को भी मात्र 14 केंद्रों पर 3600 लोगों को ही वैक्सीन लगी थी। ऐसी ही स्थिति सोमवार को भी रहने के आसार हैं। अगस्त में सभी को समय से दोनों डोज उपलब्ध कराने के लिए जिले में 40-50 हजार लोगों को रोजाना वैक्सीन लगाने की जरूरत है। शासन स्तर से ऐसा प्लान भी किया गया था।
जिसके लिए एक दिन का ट्रायल कर 3 अगस्त को लगभग 42 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी। उस समय दावा किया गया था कि टीकाकरण की रफ्तार को बढ़ाने के लिए 125 से ज्यादा केंद्र बनाए जाएंगे। हालांकि, इस दावे के अगले ही दिन से स्थिति बिगड़ती जा रही है। अब वैक्सीन की कमी के कारण पहले से जिन केंद्रों पर टीकाकरण चल रहा था उन्हें भी रोका जा रहा है। जिले में स्लॉट पाने की जद्दोजहद लगातार बढ़ रही है। इससे केंद्रों पर भी लोगों की कहासुनी हो रही है। सीएमओ डॉ. सुनील शर्मा के अनुसार वैक्सीन की कमी से सोमवार को 15 केंद्रों पर टीकाकरण का निर्णय लिया गया है। शासन से वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है।