तावडू। उपमंडल के 16 गांव के ग्रामीणों को अब 100 फीसदी कोराना रोधी टीका लगाया जा चुका है। वहीं, 7 गांव में 99 प्रतिशत ग्रामीणों को कोराना रोधी टीका लगाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि जल्दी पूरे उपमंडल में सौ फीसदी टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।
तावडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रवर चिकित्सा अधिकारी जगविंदर सिंह जाखड़ ने बताया कि तावडू के गांव मालाका, फतेहपुर, पाड़ा, कलवाड़ी, खोरीकला, डिंगरहेड़ी, सियानीका, गोगजाका, खरक तावडू, सराय, मोहम्मद पुरअहीर, दादू, मंडारका, भाजलाका, नाइ नगला, सूबासेड़ी और भोगीपुर में पहली खुराक का सौ फीसदी टीकाकरण हो चुका है। वहीं, हसनपुर, मोहम्मदपुर अहिर ढाणी, झामुवास, बिसर, निहालगढ़, गुढी, जोरासी गांव में 99 प्रतिशत ग्रामीणों को टीका लगाया गया है। उन्होंने बताया कि तावडू शहर का वार्ड नंबर 1 और 6 टीकाकरण में पिछड़ा हुआ है। शहर के इन दोनों वार्डों में सबसे कम टीकाकरण हुआ है। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 1 में 43 फीसदी तो वार्ड 6 में 41 फीसदी लोगों ने टीकाकरण कराया है। प्रवर चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि तावडू उपमंडल के अंतर्गत 30 नवंबर तक 85 प्रतिशत टीकाकरण लोगों में हो चुका है। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि कोराना महामारी को हल्के में नहीं ले, टीकाकरण कराने में लोग सहयोग करें ताकि महामारी पर पूरी तरह काबू पाया जा सके। वहीं सामाजिक दूरी का पालन करते मास्क अवश्य पहने। सरकार के दिशानिर्देशों के मुताबिक कोविड नियमों पालन करें।