ईमेल आईडी बदलकर 7012 अमेरिकी डॉलर ठगे
- विदेश से माल खरीदने के दौरान जालसाजों ने हैक कर लिया ई मेल आईडी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। विदेशी कंपनी के साथ माल खरीदने को लेकर बातचीत के दौरान साइबर जालसाजों ने ई-मेल आईडी हैक कर ली नोएडा की कंपनी से 7012 डॉलर (5,749,84 रुपये) की ठगी कर ली। नोएडा की कंपनी ने विदेशी कंपनी से फोन पर बातचीत की तब ठगी का पता चला। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई।
ग्रेटर नोएडा के इकोटेक स्थित पीटी कम्यूनिकेशन सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधक आलोक कुमार मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी कंपनी ने एक विदेशी कंपनी के साथ माल खरीदने के लिए संपर्क किया था। इसके लिए विदेशी कंपनी को 11440 अमेरिकी डॉलर देने थे। दोनोंं कंपनियों के बीच ई-मेल से बातचीत हो रही थी। बातचीत चल ही रही थी कि नोएडा की कंपनी की ई-मेल आईडी साइबर जालसाजों ने हैक कर ली। इसके बाद साइबर जालसाजों ने विदेशी कंपनी के प्रतिनिधि बनकर दूसरी ईमेल से बातचीत करने लगे। इसके बाद पहले हुए समझौते को रद्द करने की बात की। दूसरे समझौते के तहत 7012 यूएस डॉलर देने की बात कही। नोएडा की कंपनी की तरफ से 7012 यूएस डॉलर की पेमेंट कर दी गई। काफी समय तक जब माल नहीं मिला और दोनों कंपनी के लोगों के बीच बातचीत हुई तब साइबर ठगी का पता चला। इस मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस जांच कर रही है।