संतोष ट्रॉफी : यूपी ने नागालैंड और मणिपुर ने एमपी को हराया
-ग्रुप-सी के पहले स्थान के लिए यूपी टीम की उम्मीदें कायम, लीग का अंतिम मैच कल
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। 77वीं राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता (संतोष ट्रॉफी) में रविवार को ग्रुप-सी के तीन मैच खेले गए। ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में रविवार को पहला मैच यूपी व नागालैंड के बीच खेला गया। यूपी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए नागालैंड को 2-0 से पराजित किया। दूसरा मैच मणिपुर व मध्यप्रदेश के बीच ग्रेटर नोएडा के डाढा के पास निजी विश्वविद्यालय में खेला गया। मणिपुर टीम ने मध्य प्रदेश टीम को 5-0 से पराजित किया। तीसरा मैच स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में तमिलनाडु टीम व झारखंड टीम के बीच हुआ। तमिलनाडु टीम ने पहले हाफ में 2-0 की बढ़त बनाई। बढ़त को बनाए रखते हुए तमिलनाडु टीम ने झारखंड टीम को 8-1 से पराजित किया। लीग का अंतिम मैच मंगलवार को दोनों स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
जिला फुटबॉल एसोसिएशन संघ गौतमबुद्ध नगर के महासचिव वाजिद अली ने बताया कि ग्रुप-सी सूची में तीन मैच जीतकर व एक हार के साथ यूपी टीम दूसरे स्थान पर काबिज है। वहीं, मणिपुर टीम चार मैच जीत कर सूची में शीर्ष पर बनी हुई है। पहले स्थान के लिए यूपी टीम व मणिपुर टीम के बीच में टक्कर चल रही है। ग्रुप-सी की पहले स्थान पर रहने वाली टीम सुपर लीग मैच के लिए क्वालीफाई करेगी। जहां उसके मुकाबले अन्य ग्रुप के पहले स्थान पर रहने वाली टीमों के साथ होंगे।