नोएडा पुलिस की ओर से आम लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सोमवार यानी एक जुलाई से नोएडा में रहने वाले लोगों को एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्ट्रीट क्राइम और चोरी की घटना के बाद शिकायत करने के लिए आप जैसे ही 100 नंबर पर फोन करेंगे तो पीआरवी आपके पास पहुंच जाएगी और पीआरवी सवार पुलिसकर्मी मौके पर ही आपकी एफआईआर दर्ज करेंगे। नोएडा पुलिस की इस नई योजना को डायल एफआईआर का नाम दिया गया है।
वहीं, अब साइबर क्राइम पीड़ितों के लिए भी अच्छी खबर है, क्योंकि अब उन्हें भी थाने और साइबर सेल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इसके लिए शहर में कोतवाली सेक्टर-24 और देहात में सूरजपुर को नोडल थाना बनाया गया है। दोनों थाने में साइबर अपराध के मुकदमे दर्ज होंगे।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि 1 जुलाई से डायल एफआईआर शुरू की जा रही है। इसमें घरों में चोरी, स्ट्रीट क्राइम जैसे मोबाइल-पर्स छिनतई और कार का शीशा तोड़कर की जाने वाली चोरी जैसी घटनाओं में मौके पर ही एफआईआर दर्ज होगी। इन घटनाओं के पीड़ित की सूचना पर जैसे ही यूपी पुलिस की 100 नंबर की पीआरवी मौके पर पहुंचेगी, उसी वक्त पुलिस प्रोफार्मा में घटना का विवरण भर लेगी।
इसी आधार पर कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज हो जाएगी। अब पीड़ितों को कोतवाली जाने की जरूरत ही नहीं होगी। बता दें कि यूपी 100 को पिछले कुछ समय से जितनी शिकायतें मिल रही थीं, उतनी रिपोर्ट थानों में दर्ज नहीं हो रही थी। इसी के मद्देनजर नए प्लान पर काम करने का फैसला लिया गया है।
पुलिस को उम्मीद है कि अब घटनाओं के बाद 100 फीसदी एफआईआर होगी। इस कारण ही डायल एफआईआर योजना तैयार की गई। एसएसपी ने बताया कि डायल एफआईआर में कोई नामजद आरोपी नहीं होगा। नामजद आरोप के लिए वादी को थाने जाना होगा।