उत्तर प्रदेश में बहुत दिनों से जिन पंचायत चुनाव की तारीखों का इंतजार लोग कर रहे थे आज उसका एलान निर्वाचन आयोग ने कर दिया है। चुनाव आयोग ने जानकारी दी कि यूपी में चार चरणों में पंचायत चुनाव होंगे। 15, 19, 26 और 29 अप्रैल को चुनाव होंगे और मतों की गणना 2 मई को होगी।
सीतापुर की 3, बहराइच की 1 और गोंडा की 9 ग्राम पंचायतों का कार्यकाल पूरा नहीं होने के कारण वहां चुनाव नहीं होगा। सभी 18 मंडल के एक-एक जिले में पहले चरण का चुनाव होगा। चुनाव की तारीखों के एलान के साथ ही यूपी में आचार संहिता लग गई है।
हमारी इस खबर में जानिए गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर और हापुड़ में किन तारीखों में होंगे चुनाव...
जिला- चरण और तारीख
गाजियाबाद- प्रथम चरण 15 अप्रैल
गौतमबुद्ध नगर- द्वितीय चरण 19 अप्रैल
बुलंदशहर- अंतिम चरण 29 अप्रैल
हापुड़- अंतिम चरण 29 अप्रैल
चुनाव में गड़बड़ी करने वालों पर लगेगा एनएसए
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के दौरान गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की जाएगी। चुनावों के दौरान सुरक्षा के भी तगड़े इंतजाम रहेंगे। जोनल मजिस्ट्रेटों को भी खास जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शिक्षामित्रों ने पंचायत चुनाव में ड्यूटी से किया इनकार
उप्र. दूरस्थ बीटीसी शिक्षक संघ ने कहा है कि सरकार की उपेक्षा से शिक्षामित्र त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ड्यूटी नहीं करेंगे। संघ ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में भी शिक्षामित्र ड्यूटी नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार शिक्षामित्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कोई प्रयास नहीं किया है। अल्प वेतन में शिक्षामित्रों से शिक्षण कार्य के साथ चुनाव ड्यूटी का कार्य भी कराया जा रहा है। संघ ने निर्णय लिया है कि यदि शिक्षामित्रों की मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो वे शिक्षण कार्य के अलावा कोई अन्य कार्य नहीं करेंगे।