फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Election 2022 : नोएडा में सपा, कांग्रेस और आप ने लगाया यूपी सरकार पर आरोप, भाजपा ने ऐसे किया पलटवार

Thu, 30 Dec 2021 05:02 PM IST
हिमांशु मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नोएडा

सार

चाय पर चर्चा, युवाओं और महिलाओं से संवाद के बाद 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' नोएडा के राजनीतिक दलों के बीच पहुंचा। यहां अलग-अलग पार्टियों के नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत की। सभी ने खुलकर चुनावी मुद्दों पर अपनी बात रखी। 
विज्ञापन
नोएडा में चुनावी मुद्दों पर चर्चा करते राजनीतिक दलों के नेता। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नोएडा में गुरुवार को राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि मौजूदा सरकार में कोई काम नहीं हुआ है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, विकास हर क्षेत्र में सरकार फेल रही है। गरीबों, किसानों और आम जनता की हालत खराब है। विपक्ष के इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने पलटवार किया। कई विकास कार्यों की गिनती कराते हुए विपक्ष पर ढोंग रचने का आरोप लगाया। पढ़िए नेताओं ने क्या-क्या कहा? 
विज्ञापन

विपक्ष के नेताओं ने क्या-क्या कहा? 

नोएडा में चुनावी मुद्दों पर चर्चा करते राजनीतिक दलों के नेता। - फोटो : अमर उजाला
समाजवादी पार्टी का क्या कहना है?
समाजवादी पार्टी की तरफ से दीपक विग ने चर्चा में शिरकत की। उन्होंने भाजपा नोएडा के विकास कार्यों के बारे में सवाल किया। पूछा, भाजपा के नेता बताएं कि उन्होंने शिक्षा के लिए क्या किया? कौन सा नया कॉलेज बनवाया? कौन सा नया कोर्स शुरू किया? दीपक ने आगे कहा कि, भाजपा ने कुछ किया ही नहीं। ये लोग केवल फीता काटने का काम करते हैं। भाजपा केवल झूठ बोलती है। कोरोना के दौरान भी केवल समाजवादी पार्टी ने ही काम किया है। 

दीपक ने बताया कि उनकी सीधी लड़ाई भाजपा से है। इसमें भी समाजवादी पार्टी काफी मजबूत स्थिति में है।  दीपक ने कहा, सपा की सरकार बनते ही पूरे प्रदेश में स्कूल रेगुलेट्री एक्ट को लागू किया जाएगा। स्कूलों की फीस तीन साल से पहले नहीं बढ़ पाएगी। इसके अलावा युवाओं के रोजगार की व्यवस्था की जाएगी। 

सपा नेता ने कहा कि मौजूदा समय कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। हर रोज चेन स्नेचिंग की घटनाएं हो रहीं हैं। दीपक ने नोएडा की पार्किंग समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। कहा कि भाजपा के नेता और विधायकों ने नोएडा में पार्किंग का ठेका लिया हुआ है। 2017 से पहले पार्किंग का चार्ज पूरे दिन का 10 रुपये होता था, भाजपा सरकार बनते ही इन लोगों ने 20 रुपये प्रति घंटा चार्ज लेना शुरू कर दिया। सेक्टर 18 में तो 50 रुपये एक घंटे का चार्ज लगता है। 

सपा नेता शंभू प्रसाद पोखरियाल ने कोरोना मैनेजमेंट को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि कोरोना के दौरान भाजपा के सांसद और विधायकों के मोबाइल नंबर बंद थे। केवल सपा के कार्यकर्ताओं ने ही आम लोगों की मदद की। आरोप लगाया कि भाजपा सबसे बड़ी भ्रष्टाचारी पार्टी है। 



कांग्रेस ने क्या आरोप लगाए?
कांग्रेस की तरफ से अनिल यादव ने कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने भाजपा और सपा पर निशाना साधा। कहा कि आज किसान, नौजवान, महिलाएं हर कोई आंदोलन कर रहा है। भाजपा की सरकार से हर कोई परेशान है। अनिल ने आगे प्रियंका गांधी की तारीफ की। कहा, प्रियंका एक विजन के साथ आईं हैं और जाति-धर्म से ऊपर उठकर काम कर रहीं हैं। कांग्रेस ने 40% महिलाओं को आरक्षण देने का एलान किया। भाजपा और सपा ने क्या किया? 

अनिल ने सपा और भाजपा दोनों को ही भ्रष्ट पार्टी बताया। कहा कि नोएडा अथॉरिटी में सपा सरकार में भी भ्रष्टाचार होते थे और आज भी हो रहा है। आम आदमी पार्टी पर भी अनिल ने पलटवार किया। कहा, जब आपके सांसद संजय सिंह अखिलेश यादव के साथ फोटो खिंचवा लेते हैं तो आम आदमी पार्टी के नेता अच्छी-अच्छी बातें करते हैं और जब सीट बंटवारे पर बात नहीं बनती है तो ये लोग सपा को भला बुरा कहने लगते हैं। 

कांग्रेस के एक अन्य नेता ने कहा कि हमारी पार्टी पूरी मजबूती के साथ काम कर रही है। प्रियंका गांधी के नारे को घर-घर में सराहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद ये पहली बार था जब एक साथ लाखों किसान इतने लंबे समय तक आंदोलन पर बैठे थे। भाजपा केवल जुमले करती है। कोरोना के समय कांग्रेस ने घर-घर जाकर लोगों की मदद की। अब जनता भाजपा को जवाब देगी। 

आम आदमी पार्टी और बसपा ने क्या कहा?
आम आदमी पार्टी की तरफ से भूपेंद्र ने कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता भाजपा, सपा और बसपा को देख चुकी है। कांग्रेस की कहीं गिनती ही नहीं है। उत्तर प्रदेश के लोग दिल्ली मॉडल को पसंद कर रहे हैं। यहां के लोग आम आदमी पार्टी को ही चाहते हैं। इस बार सूबे में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। 
 
विज्ञापन

भाजपा ने क्या कहा? 

उत्तरप्रदेश चुनाव 2022 - फोटो : अमर उजाला
भाजपा की तरफ से शारदा चतुर्वेदी ने कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने अपने चुनावी एजेंडे के बारे में बताया और विपक्ष पर पलटवार भी किया। शारदा ने बताया कि भाजपा सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, विकास सभी क्षेत्र में काफी काम किया है। योगी और मोदी सरकार में बहुत दम है। जनता इसे पसंद करती है। इसलिए चुनाव में हम विकास कार्यों के मुद्दे पर लोगों से वोट मांगेंगे। 

विपक्ष के सवालों पर शारदा ने पलटवार किया। बोलीं, सपा और कांग्रेस का काम केवल बोलना है। इन लोगों ने आम जनता के लिए कभी कुछ नहीं किया। 

महिलाओं की सहभागिता के सवाल पर शारदा ने कांग्रेस को जवाब दिया। कहा कि आज सबसे ज्यादा भाजपा से ही महिलाएं सांसद और विधायक हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सबसे ज्यादा भाजपा सरकार ने काम किया है। समाजवादी  पार्टी के भ्रष्टाचार के आरोपों पर शारदा ने पलटवार किया। बोलीं, भ्रष्टाचार का मुद्दा अगर सपा वाले उठाते हैं तो ये मजाक लगता है। इनके इत्र कारोबारी के यहां करोड़ों रुपये मिले। ये भ्रष्ट पार्टी है। 

भाजपा की नीता वाजपेयी ने आम आदमी पार्टी के नेता से सवाल किया। दिल्ली में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दूसरे राज्यों में घूम रहे हैं। 

भाजपा की नेता राजश्री गुप्ता ने कहा कि हमने 70 साल का शासन भी देखा है और अब सात साल की भाजपा सरकार भी देख रहे हैं। आयुष्मान योजना, आवास योजना, मुफ्त राशन, उज्जवला योजना सबकुछ आम जनता के लिए है। आज हमें घर से निकलने में डर नहीं लगता है। आज हर नारी सुरक्षित महसूस करती है। 

समाजसेविका ममता तिवारी ने भी भाजपा का समर्थन किया। बोलीं, पहले महिलाएं शौच के लिए घर से बाहर जाती थीं तो उनके साथ रेप की घटनाएं होती थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घर-घर शौचालय बनवाया। आज महिलाओं का सम्मान बढ़ा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें