नोएडा में चुनावी मुद्दों पर चर्चा करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
नोएडा के चौराहा सेक्टर-73 के पास आयोजित चाय पर चर्चा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कुछ लोगों ने कहा कि नोएडा के गांवों में काम नहीं हुआ तो कुछ लोगों ने कहा पिछले करीब पांच साल में विकास के काफी काम हुए। सड़कों का विकास हुआ है। पढ़िए लोगों ने क्या-क्या कहा?
लोगों से नहीं मिलते विधायक
रविकांत शर्मा ने कहा कि सरकार सिर्फ कागजों पर लिखाई के लिए काम कर रही है। नोएडा में विकास को कोई खास काम नहीं हुआ है। हमारे सांसद और विधायक न तो लोगों से मिलते हैं न ही उनके काम करते हैं। लोग विधायक से मिलने जाते हैं तो पता चलता है कि वो यहां नहीं हैं। विधायक ज्यादातर समय लखनऊ रहते हैं जो उनके पिता का संसदीय क्षेत्र है। नोएडा के किसान चार महीने से धरने पर बैठे हैं, लेकिन विधायक अब तक उनसे मिलने तक नहीं गए हैं। एमबीए छात्र अविनाश ने भी रविकांत का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यहां केवल अमीरों के काम होते हैं। दिनेश सिंह ने कहा कि रक्षा मंत्री का बेटा होने के बाद भी स्थानीय विधायक हमेशा लोगों के बीच रहते हैं। कोरोना के समय में भी उन्होंने लोगों की बहुत मदद की।
फ्लैट बायर्स के बारे में भी सोचे सरकार
मनोज शुक्ला ने कहा कि पिछले दस साल में जिस तरह की व्यवस्था थी उससे चीजें बहुत बेहतर हुई है। कुछ समस्याएं हैं उस पर भी सरकार को फोकस करना चाहिए। शोभित कपूर ने मांग की कि फ्लैट खरीदने वालों के बारे में भी सरकार को सोचना चाहिए। बहुत से लोगों को रजिस्ट्री नहीं हुई। लोगों ने सारे पैसे दे दिए, लेकिन बिल्डर के ड्यूज की वजह से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। शोभित ने कहा कि बाकी सभी क्षेत्र में सरकार ने बहुत बेहतर काम किया है।
'देश का विकास हो रहा है'
सफाई का काम करने वाले सुनील ने कहा कि नोएडा में कुछ खास विकास कार्य नहीं हुआ। मनोज ने कहा कि गांवों में कोई विकास नहीं हुआ है। गांवों में सड़कों का विकास नहीं हुआ है। भीम यादव ने कहा कि इस वक्त सभी चीजें खराब हैं। गांव की सड़कें, पानी और बिजली सभी की सुविधाएं खराब हैं। रियल स्टेट का काम करने वाले राजवंत सिंह ने कहा कि किसी का व्यक्तिगत विकास भले नहीं हुआ हो देश का विकास लगातार हो रहा है। भाजपा राष्ट्र के लिए अच्छी है।