- प्राधिकरण ने सीआरपीएफ के सामने डीएससी रोड पर फिर किया डायवर्जन
- सीआरपीएफ कैंप के सामने सर्विस रोड पर एक किमी तक लगी वाहनों की लाइन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-3 के जलमग्न होने के बाद प्राधिकरण ने आनन-फानन में दादरी-सूरजपुर-छलेरा रोड पर नाले का अधूरा काम शुरू करा दिया, लेकिन यातायात डायवर्ट करने की पूरी व्यवस्था नहीं की। रविवार रात अधूरी तैयारी के साथ प्राधिकरण ने सीआरपीएफ कैंप के सामने सूरजपुर से कुलेसरा जाने वाली सड़क पर यातायात डायवर्ट कर दिया। सर्विस रोड की टूटी सड़क और गड्ढों के कारण सोमवार को दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही।
इकोटेक-3 में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश में सेक्टर जलमग्न हो जाता है। समस्या के समाधान के लिए प्राधिकरण ने नाले का निर्माण कराया, लेकिन इसे हिंडन नदी से नहीं जोड़ा गया। इसी कड़ी में इस वर्ष डीएससी रोड को खोदकर नाला बनाया गया, ताकि सेक्टर का पानी हिंडन तक पहुंचाया जा सके। मई में यातायात डायवर्ट कर काम शुरू किया गया था और जुलाई तक काम पूरा करने का दावा किया गया था। हालांकि, अगस्त में डायवर्जन हटा दिया गया और काम अधूरा छोड़ दिया गया।
रविवार की तेज बारिश में सेक्टर के 100 से अधिक उद्योगों में पानी भर गया। उद्यमियों की शिकायत के बाद प्राधिकरण ने रविवार शाम अधूरे नाले का काम दोबारा शुरू कराया। सूरजपुर से कुलेसरा जाने वाली साइड पर नाले का निर्माण शुरू होने के कारण यातायात को सीआरपीएफ कैंप के सामने सर्विस रोड पर डायवर्ट किया गया।
टूटी सड़क पर डायवर्ट हुआ ट्रैफिक, लगा जाम
टूटी और गड्ढों वाली सर्विस रोड पर यातायात डायवर्ट किए जाने से जाम की स्थिति बन गई। सोमवार को निर्माण स्थल से करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही। लोगों के मुताबिक, दो मिनट का रास्ता तय करने में करीब 30 मिनट लग गए। उनका आरोप है कि समस्या का समाधान करने के बजाय प्राधिकरण की अधूरी तैयारियों से परेशानी और बढ़ गई।
कलेक्ट्रेट के सामने भी एक घंटे जाम रही सर्विस रोड
कलेक्ट्रेट के सामने सर्विस रोड पर भी सोमवार को करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े होने और दोनों दिशाओं से वाहनों के आने के कारण रास्ता अवरुद्ध हो गया। वाहनों के गलत दिशा में आने से स्थिति और बिगड़ गई। जाम में अधिकारियों के वाहन भी फंस गए। लोगों का आरोप है कि इस दौरान यातायात पुलिस भी मौके पर मौजूद नहीं थी।