नूंह। इंडरी खंड के गांव कुर्थला में बृहस्पतिवार रात एक तालाब पर सो रहे युवक की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। नूंह सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला हेड क्वार्टर डीएसपी सुधीर तनेजा सहित इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मृतक नसीम अपने चाचा इब्राहिम के तालाब पर विकास निवासी कुर्थला एक साथ सो रहे थे।
विकास ने बताया कि रात करीब एक बजे दो अज्ञात लोग आए उनकी आंखों पर टॉर्च लगाकर नसीम को गोली मारकर फरार हो गए। मृतक के चाचा इब्राहिम ने बताया कि नसीम के पिता ने तीन शादियां की थीं जिसमें पहली पत्नी से नसीम और उसकी एक बहन हैं। उन्होंने बताया कि 2004 में नसीम की मां को भी नसीम के सौतेले भाइयों ने मौत के घाट उतार दिया था। जिसका केस अदालत में विचाराधीन है।
इस मामले में आरोपी वसीम फिलहाल जमानत पर है। उन्होंने बताया कि गांव में इनकी जमीन के बटवारे के लिए पंचायत भी की गईं थी। उन्होंने शंका जताई है कि इस हत्या में भी उनका हाथ हो सकता है। वहीं मृतक नसीम की बहन ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वसीम की बहन ने उनको फोन पर कहा कि उन्होंने अपने भाई से कहा था कि वो नसीम को ना मारे मगर उन्होंने उनकी एक ना सुनी।
जिला हेड क्वार्टर डीएसपी सुधीर तनेजा ने बताया कि जानकारी में प्रॉपर्टी का विवाद सामने आया है। जिसे लेकर कुछ दिन पहले गांव में पंचायत भी हुई थी। पुलिस टीम दोनों पहलुओं से जांच कर रही हैं। जांच के बाद जो भी आरोपी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।