नोएडा। शहर की सड़कों पर विज्ञापनों के लिए लगे यूनिपोल लोगों की जान के लिए खतरा बन रहे हैं। रविवार रात करीब 9:30 बजे मॉडल टाउन अंडरपास के डिवाइडर पर बोल्ट खुलने से एक यूनिपोल चलती कैब पर गिर गया। हादसे में कैब की पिछली सीट पर बैठे युवक के सिर पर चोट लग गई। साथ ही, कैब के दरवाजे जाम हो गए। राहगीरों की मदद से चालक और सवारी किसी तरह बाहर निकला गया।
दिल्ली एयरपोर्ट से नोएडा के सेक्टर-72 जाने के लिए युवक ने कैब बुक की थी। कैब जैसे ही मॉडल टाउन अंडरपास पर पहुंची। इसी दौरान डिवाइडर पर लगा यूनिपोल कैब पर गिर गया। यूनिपोल के बोल्ट खुलने के कारण यह हादसा हुआ। इसके बाद काफी देर तक यातायात भी बाधित रहा।
कैब चालक सुनील ने बताया की एयरपोर्ट से सेक्टर-72 नोएडा सवारी छोड़ने जा रहा था। इस बीच पोल अचानक कार पर गिर गया, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हाल ही में ऐसा ही हादसा पर्थला गोल चक्कर के पास हुआ था जब हाईटेंशन लाइन का मोनोपोल एक कार पर गिरा था। हादसे में कार सवार महिला की जान बाल-बाल बची थी।