बैंक लोन नहीं चुकाने की वजह से साइट फोर स्थित ग्रैंड वेनिस मॉल परिसर में निर्माणाधीन पांच सितारा होटल को सीज कर दिया गया है। पंजाब एंड सिंध बैंक की ओर से शुक्रवार को की गई कार्रवाई के बाद निर्माणाधीन होटल को बैंक ने अपने कब्जे में ले लिया है।
मालूम हो वेनिस शहर की तर्ज पर बनाए जा रहे इस मॉल के परिसर में ही पांच सितारा होटल का निर्माण कार्य चल रहा है। पिछले साल मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ से मॉल और होटल के निर्माण कार्य की शुरुआत की थी।
ग्रेटर नोएडा शहर में भसीन ग्रुप की ओर से ग्रैंड वेनिस मॉल का निर्माण किया जा रहा है। इसी समूह की ओर से मॉल परिसर में एक पांच सितारा होटल बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने होटल के निर्माण कार्य के लिए पंजाब नेशनल बैंक से मोटा लोन लिया गया था।
समय पर इसकी किश्तें न अदा कर पाने पर बैंक की ओर से कानूनी कार्रवाई की गई। लोन वसूलने के लिए बैंक के लीगल सेल की ओर से शुक्रवार को जिला प्रशासन से मजिस्ट्रेट और पुलिस फोर्स उपलब्ध कराने की मांग की थी।
अधिकारियों की उपस्थिति में बैंक अधिकारियों ने मॉल परिसर स्थित होटल को सीज करने की कार्रवाई पूरी की। इस मामले में भसीन ग्रुप से उनका पक्ष जानने की कोशिश की लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया।
बैंक की ओर से होटल सीज करने की कार्रवाई के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस की मांग की गई थी। शुक्रवार को बैंक द्वारा होटल को सीज करने की कार्रवाई के दौरान मौके पर मजिस्ट्रेट के रूप में मैं वहां पर मौजूद रही थी।- ऊषा सिंह, नायब तहसीलदार