- 50 लाख की रंगदारी न देने पर की थी वारदात, नरेश सेठी गिरोह के शूटर हैं आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। 50 लाख रुपये की रंगदारी न देने पर प्रॉपर्टी डीलर विकास दहिया व उसके साथी देवी वीर सिंह को गोली मारने वाले एक नाबालिग समेत दो शार्प शूटर को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा है। गिरफ्तार शूटर समीर(18) व पकड़े गया नाबालिग बदमाश नरेश सेठी गिरोह से जुड़े हैं। वहीं मुठभेड़ में बदमाशों की गोली से बाल-बाल बचे इंस्पेक्टर रामपाल की टीम ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल व एक कारतूस बरामद किया है।
अपराध शाखा के पुलिस अधिकारियों के अनुसार गांव नाहरी, सोनीपत हरियाणा निवासी प्रॉपर्टी डीलर विकास को 17 अप्रैल, 2023 को धमकी भरी कॉल मिली। फोन करने वाले ने उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद विकास को 24 अप्रैल को फिर विदेश में बैठे गैंगस्टर अक्षय की ओर से धमकी भरी कॉल मिली। पीड़ित ने रंगदारी नहीं दी तो 27 अप्रैल को उनके लामपुर, दिल्ली स्थित कार्यालय में आए बाइक सवार बदमाशों ने गोली चला दी। एक गोली विकास दहिया व दूसरी उसके दोस्त देवी वीर सिंह को लगी। इस बाबत नरेला थाने में मामला दर्ज किया गया।
मामले में एसीपी उमेश बड़थ्वाल की देखरेख में इंस्पेक्टर रामपाल, एसआई हेमंत, एसआई मुकेश व एसआई देवी दयाल की टीम ने सूचना के बाद दिचाऊ-हिरन कुंडा रोड पर घेराबंदी कर वहां से गुजर रहे बाइक पर सवार दो बदमाशों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी एक राउंड फायरिंग कर सांपला, हरियाणा निवासी बदमाश समीर और उसके नाबालिग साथी को पकड़ लिया।
-
दिल्ली में थे वारदात की फिराक में:
गिरफ्तार शूटर समीर से पता चला है कि वह नरेश सेठी गिरोह के गैंगस्टर अक्षय के संपर्क में थे। अक्षय ने बंटी के जरिए समीर से संपर्क किया और रंगदारी नहीं देने पर विकास दहिया के कार्यालय में फायरिंग करने को कहा था। इस पर समीर ने बंटी व नाबालिग ने प्रॉपर्टी के कार्यालय में जाकर फायरिंग कर दी थी। इसके बाद ये तीनों हरिद्वार में जाकर छिप गए। अब यह दोबारा से दिल्ली में किसी वारदात की फिराक में थे, हालांकि इनके हरियाणा जाते वक्त दिल्ली पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया।