फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरात में नकदी लूटने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

विज्ञापन
मुठभेड के दौरान पकडा गया पुलिस की गोली से घायल लुटेरा सोनू उर्फ संत।
विज्ञापन
नोएडा। बरात में चढ़त के दौरान दूल्हे के पिता से नकदी लूटकर भागने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मंगलवार सुबह सेक्टर-57 के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट के 52,250 रुपये, घटना में इस्तेमाल लाल पल्सर, तमंचे व दस-दस के नोटों की गड्डियां बरामद की हैं। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन

अपर पुलिस उपायुक्त रणविजय सिंह ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-58 के थानाध्यक्ष विनोद कुमार टीम के साथ मंगलवार सुबह सेक्टर-57 चौराहे के पास चेकिंग कर रहे थे, तभी पुलिस ने लाल पल्सर पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में गंगदासपुर सहारनपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर सोनू उर्फ संत कुमार के पैर में गोली लग गई। वहीं, कॉंबिंग में खोड़ा निवासी राहुल कश्यप को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों ने 19 नवंबर को लाल पल्सर से खोड़ा तिराहे पर चढ़त के दौरान दिल्ली के बदरपुर निवासी दूल्हे के पिता कृपाशंकर से बैग लूट लिया था। बैग में करीब 72 हजार रुपये थे। बरात थापर गेट के रास्ते खोड़ा जा रही थी। दोनों गिरफ्तार बदमाशों पर हत्या, लूट, अपहरण आदि वारदातों के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
टैक्सी चालक की हत्या का मुख्य आरोपी है सोनू
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि सोनू दस वर्षों से खोड़ा में रह रहा है। वर्ष 2017 में उसने कोतवाली सेक्टर-24 क्षेत्र में मोबाइल लूट के दौरान एक गार्ड को चाकू मार दिया था। साथ ही, वर्ष 2019 में खोड़ा में विकास, आकाश और सचिन के साथ मिलकर एक चालक की अपहरण करके हत्या कर दी थी और टैक्सी लूट ली थी। सोनू के खिलाफ खोड़ा थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
विज्ञापन

लाल रंग की बाइक को मानते थे लकी
बदमाश लाल रंग को लकी मानते थे। सामान्य तौर पर लाल पल्सर से लूट करते थे। दूसरे रंग की बाइक से लूट करनी पड़ती थी तो उस पर लाल रंग की पट्टी लगा लेते थे। साथ ही, सप्ताह में सोमवार, बुधवार व शनिवार को लूट करना अच्छा मानते थे। बदमाशों के पास अपाचे सहित अन्य बाइक भी हैं।
होटल में रुक कर करते थे मौज-मस्ती
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि बदमाश शादी के सीजन में अधिक सक्रिय रहते थे। लूट के बाद ओयो व अन्य होटल में 10 दिनों से लेकर एक महीना तक रुकते थे और शराब पीकर मौज-मस्ती करते थे। दूल्हे के पिता से भी बैग लूटकर आरोपियों ने होटल में रुक कर बीस हजार रुपये से अधिक खर्च कर दिए थे।
दूल्हे के पिता से बैग लूटने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। बदमाशों के पास से लूट के 72 हजार रुपये में से 52 हजार रुपये को बरामद कर लिए गए हैं। - रणविजय सिंह, एडीसीपी नोएडा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें