-टर्मिनल के आगे ग्राउंड पर होगी पीएम की जनसभा, पुलिस ने रैली स्थल, पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था पर किया काम
संदीप वर्मा
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में एक से दो लाख लोग आ सकते हैं इसके लिए तैयारी की जा रही है। मंगलवार को एयरपोर्ट पर तैनात एडीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारी समेत अन्य यातायात पुलिसकर्मियों ने रैली स्थल, पार्किंग स्थल और एयरपोर्ट पर जाने के लिए एंट्री प्वाइंट की सुरक्षा का खाका तैयार किया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए विकास की बड़ी परियोजना नोएडा हवाई अड्डा शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ही इसका उद्घाटन स्थल चुना गया है। टर्मिनल के आगे ग्राउंड पर प्रधानमंत्री की जनसभा की तैयारी की जा रही है। एक दिन पूर्व सोमवार को पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा को लेकर बैठक में प्लान तैयार होने के बाद अब इसे अमली जामा पहनाया जाना शुरू कर दिया है। हालांकि, अभी इसमें एसपीजी की अनुमति ली जानी बाकी है। मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने रैली स्थल पर कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा जांच का खाका तैयार किया। इस दौरान एडीसीपी संतोष कुमार, एसीपी सार्थक सेंगर, एयरपोर्ट थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह समेत अन्य टीम ने मौके पर जाकर पुलिस कर्मियों और सुरक्षा तैनाती का खाका तैयार किया।
रैली में आने वाले लोगों के लिए बाहर बनेगा पार्किंग स्थल
पुलिस टीम ने रैली में आने वाले लोगों के लिए एयरपोर्ट परिसर से बाहर पार्किंग स्थल बनाने की तैयारी की है। इस दौरान माना जा रहा है कि 20 हजार से अधिक वाहन रैली में आएंगे। इसमें बसें, कारें, बाइक आदि वाहन होंगे। रैली स्थल पर आने वाले लोगों के लिए पुलिस ने एंट्री प्वाइंटों पर सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग प्वाइंट बनाने की कवायद की। एयरपोर्ट पर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे और जेवर-किशोरपुर की ओर से सभास्थल पर लोग पहुंचेंगे।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी परियोजना है। प्रधानमंत्री की रैली ऐतिहासिक होगी। हमारा प्रयास है कि रैली में लगभग दो लाख लोग पहुंचे। इसके लिए तैयारी की जा रही है।
अभिषेक शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा