-घटना के समय नवजात को अस्पताल चैकअप के लिए ले जा रहा था परिवार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन सोसाइटी में सोमवार को बड़ी घटना होने से टल गई। यहां अचानक लिफ्ट खराब होने से नवजात और एक पांच वर्ष की बच्ची अपने माता-पिता के साथ फंस गई। 10 मिनट तक परिवार लिफ्ट में बंद बाहर लोगों से मदद मांगता रहा। काफी मशक्कत के बाद इस परिवार को बाहर निकाला गया। आरोप है कि घटना के वक्त लिफ्ट में लगे इमरजेंसी अलार्म का इस्तेमाल किया, लेकिन वह बजा नहीं। इसकी वजह से मदद मिलने में समय लगा।
सोसाइटी निवासी विशाल सिंह हाल ही में जन्में 15 दिन के बेटे को रुटीन चैकअप के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे। आठवीं मंजिल से वह पहले तो लिफ्ट में चढ़े। लिफ्ट के दरवाजे बंद होने के बाद वह तीन मंजिल तक ही नीचे आ पाई और पांचवी मंजिल पर अटक गई। लिफ्ट अटकते ही उन्होंने अलार्म का इस्तेमाल किया, लेकिन वह नहीं बजा। उन्होंने चिल्लाकर मदद भी मांगी, लेकिन कोई नहीं आया। ऐसे में सोसाइटी के गार्डों को जानकारी दी गई। इसके बाद तकनीशियन को बुलाकर लिफ्ट को रिसेट किया गया और उन्हें बाहर निकाला गया। घटना के वक्त उनकी पांच वर्ष की बेटी काफी घबराई हुई थी। नवजात को कुछ हो न जाए इसलिए वह और उनकी पत्नी भी चिंतित थे। लेकिन जब लिफ्ट से बाहर आए तब जाकर उन्होंने राहत की सांस ली। विशाल बताते हैं कि यह घटना उनके साथ दूसरी बार हुई है। लेकिन इस बार वह इसकी शिकायत पुलिस से करेंगे।