सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की मिगसन विन सोसाइटी की घटना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की मिगसन विन सोसाइटी में सोमवार देर रात छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। लिफ्ट में दोनों तरफ से गाली गलौज और लात-घूंसे चले। कई छात्र नशे की हालत में थे।
इसका वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के चार छात्रों को गिरफ्तार कर शांतिभंग की कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि भाषा को लेकर छात्रों के बीच विवाद शुरू हुआ था, जो मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी छात्र हैं और सोसाइटी में किराये पर रहते हैं। सोमवार रात करीब 12 बजे टावर सन-7 की लिफ्ट के पास छात्रों के दो गुट खड़े थे, तभी केरल निवासी छात्रों ने दूसरे पक्ष पर अपनी भाषा में कुछ गलत बोल दिया, जिस पर कहासुनी शुरू हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों पक्षों के दो-दो छात्रों को गिरफ्तार किया, जिनकी उम्र 19 से 20 वर्ष है।