समालखा। रेलवे रोड बाजार में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे दो सांड़ भिड़ गए और दोनों ने करीब पौने घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। इसमें दुकानदार विनोद खन्ना घायल हो गए और करीब 10 मोटरसाइकिल, स्कूटी और एक कार को नुकसान पहुंचा। दुकानदार को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचा। चोट अधिक होने के कारण उन्हें पानीपत ले जाया गया। उनका पानीपत के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दुकानदारों ने इसे नगर परिषद की अनदेखी बताया है।
स्थानीय दुकानदार रमेश और कृष्ण कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम को करीब पांच बजे रेलवे रोड बाजार में दो सांड़ आपस में भिड़ गए और बाजार में खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना का नजारा लोगों ने अपने मोबाइल फोनों में कैद किया। सांड़ बाजार में खड़ी मोटरसाइकिल, स्कूटी और एक कार को तोड़ दिया। दुकानदारों ने सांड़ों को भगाने के लिए डंडों का इस्तेमाल किया और पानी डाला। उन पर कोई असर नहीं हुआ। दुकानदार विनोद खन्ना भी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि रोजाना की तरह मार्केट से पेमेंट इकट्ठी करने के लिए गए थे। इस दौरान सड़क पर सांडों में लड़ाई हो गई। जिस वजह से दोनों लड़ते हुए एकदम से उनकी तरफ आए और उन्हें टक्कर मार दी। उनकी मोटरसाइकिल भी टूट गई। प्रशासन से मांग है कि आवारा पशुओं का स्थाई समाधान किया जाए। दुकानदारों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं हर रोज हो रही हैं। जिससे उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ रहा हैं।
विज्ञापन
नप कर चुका है लाखों खर्च
दुकानदारों ने कहा कि नगर परिषद ने बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए लाखों रुपये खर्च कर दिए हैं। अधिकारी बेसहारा गोवंश मुक्त शहर होने का दावा कर रहे हैं। ठेकेदार बेसहारा पशुओं को पकड़ने के पैसे तो ले रहा है लेकिन बाजार में भरमार है। जिससे आए दिन कोई ना कोई हादसा होता हो रहा है। आवारा पशुओं की लड़ाई में दुकानदारों सहित आमजन का आर्थिक नुकसान हो रहा है।
शहर में करीब एक हजार बेसहारा गाेवंश थे। नगर परिषद ने बेसहारा पशुओं के लिए अभियान चलाया हुआ है। ठेकेदार बेसहारा गोवंश को गोशालाओं में छोड़ रहे हैं। बाजार में दो सांड़ की लड़ाई की जानकारी मिली है। इनको भी गोशाला में भेजा जाएगा।
मनीष, सचिव, नगर परिषद।