-चांदी की मूर्ति, चार लैपटॉप समेत भारी मात्रा में अन्य सामान बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। चोरी की 70 वारदातों को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों को पूर्वी जिला की न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गुल बहार और मोहम्मद खान उर्फ खानू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी की मूर्ति, चार लैपटॉप, चांदी के सिक्के, चार मोबाइल फोन व भारी मात्रा में अन्य सामान बरामद किया है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि 9 अगस्त को न्यू अशोक नगर थाने में चोरी की एक शिकायत मिली थी। पीड़ित जिबन किशोर बेहरा ने बताया कि वह अपने दफ्तर में थे। इस बीच किसी ने घर का ताला तोड़कर उनके यहां से लक्ष्मी-गणेश की चांदी की मूर्ति और कीमती सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। सीसीटीवी कैमरों से पड़ताल हुई। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने एक आरोपी गुल बहार की पहचान कर ली। आरोपी न्यू अशोक नगर थाने का घोषित बदमाश था। पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। उससे पूछताछ के बाद इसके भाई मोहम्मद खान को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों ही न्यू अशोक नगर थाने के घोषित बदमाश हैं। गुल बहादुर के खिलाफ 13 और मोहम्मद खान के खिलाफ 57 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनकी गिरफ्तारी से हाल में हुई चोरी की 15 वारदातें सुलझी हैं। आरोपी पब्लिक को दिखाने के लिए नोएडा में रेहड़ी पर फल बेचते हैं, लेकिन इनका असली धंधा बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी करना है।