फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

60 हजार में प्लाज्मा की कालाबाजारी करते दो गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
ग्रेटर नोएडा। कोतवाली बीटा दो पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार को प्लाज्मा की कालाबाजारी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर मजबूरी बताकर प्लाज्मा लेते थे और 60 हजार रुपये में बेच देते थे। पुलिस ने इनके पास से एक यूनिट प्लाज्मा, एक ब्लड सैंपल, एक कार, दो मोबाइल और 35 हजार रुपये बरामद किए हैं। एडिशनल डीसीपी विशाल पांडेय ने बताया कि महामारी के बीच कुछ लोग कालाबाजारी में लगे हैं। बुधवार को सूचना मिलने पर बीटा दो कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने सेक्टर अल्फा वन की कामर्शियल बेल्ट के पास से दो युवकों को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन

इनकी पहचान चिपियाना खुर्द के हर्ष विहार निवासी अनिल शर्मा और बुलंदशहर के अगौता थाना के अख्तियापुर गांव निवासी रोहित के रूप में हुई है। दोनों आरोपी अस्पताल में प्लाज्मा बेचने आए थे तभी पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरोह सरगना रोहित है। वह सोशल मीडिया पर प्लाज्मा की जरूरत की मजबूरी बताता था और लोगों से प्लाज्मा लेता था। उसने सोशल मीडिया पर हर जगह अपना मोबाइल नंबर भी डाला हुआ है। प्लाज्मा मिलने के बाद रोहित अनिल को प्लाज्मा देता था। एडिशनल डीसीपी ने बताया कि अनिल का अस्पतालों में संपर्क है। वह अस्पताल में जाकर प्लाज्मा को बेचते थे। साथ ही, कई बार अस्पताल के बाहर तीमारदारों को 40 से 60 हजार रुपये में भी प्लाज्मा बेच देते थे। पैसे को दोनों बराबर बांट लेते थे।
प्लाज्मा की कालाबाजारी की नहीं थी उम्मीद
अभी तक रेमडेसिविर इंजेक्शन और ऑक्सीजन की कालाबाजारी हो रही थी, लेकिन जमीर गिरा चुके लोगों ने प्लाज्मा की भी कालाबाजारी शुरू कर दी है। पुलिस अफसरों को भी इसकी उम्मीद नहीं थी। पुलिस ने सूचना मिलने पर जांच की तो कालाबाजारी का पता चला।
विज्ञापन

अस्पताल और ब्लड बैंक की भूमिका भी संदिग्ध
प्लाज्मा की कालाबाजारी में अस्पताल और ब्लड बैंकों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस अस्पताल और ब्लड बैंकों की जानकारी लेकर जांच कर रही है। कोरोना से ठीक हो चुके लोग का प्लाज्मा अस्पताल या ब्लड बैंक में निकलवाया जाता था। पुलिस ऐसे अस्पताल और ब्लड बैंक की जांच कर रही है।
आरोपियों पर लगेगी रासुका
शासन के आदेश पर पुलिस आरोपियों को रासुका लगाएगी। इस संबंध में जल्द ही पुलिस की तरफ से शासन को संस्तुति भेजी जाएगी। साथ ही, गैंगस्टर एक्ट भी लगेगा। पहले भी ऑक्सीजन और इंजेक्शन की कालाबाजारी में पकड़े गए आरोपियों पर भी रासूका लगाने की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें