फोटो : 24: मुठभेड़ में घायल आरोपी अस्पताल ले जाती पुलिस टीम। स्रोत पुलिस प्रवक्ता
सोनीपत। उद्यमी अपहरण मामले में सोनीपत एसटीएफ और सीआईए गोहाना पुलिस ने शनिवार तड़के मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों गांव निजामपुर निवासी कपिल और दीपक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार कपिल ने गोहाना के उद्यमी नीटू दांगी के अपहरण की साजिश रची थी। यह वारदात 16 सितंबर को उस समय हुई थी जब वह जींद रोड स्थित अपने कारखाने में जा रहे थे। रास्ते में दो गाड़ियों में आए आरोपियों ने उनका अपहरण कर लिया था। आरोपी उनको खेतों में बने एक कमरे में बंधक बना लिया था।
आरोपियों ने उनसे दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। बाद में सौदा 50 लाख रुपये में तय हुआ था। इस दौरान आरोपी उद्यमी की कार से एक लाख रुपये निकालकर उन्हें छोड़कर भाग गए थे।
पुलिस नाके पर भिड़े बदमाश
पुलिस शनिवार तड़के खरखौदा रोड पर गांव सिकंदरपुर माजरा के पास नाका लगाए हुए थी। इस दौरान दोनों आरोपी कार में वहां पहुंचे। पुलिस को देखते ही उन्होंने गांव बड़ौता की ओर भागने की कोशिश की। बाद में वह कार छोड़कर भागने लगे तो पुलिस भी उनका पीछा करने लगी। पीछा करने पर आरोपियों ने उन पर चार राउंड फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं जो उनके पैरों में लगीं। गोली लगने के बाद पुलिस ने उनको धर दबोचा।
अपहरण मामले में पहले ही पकड़े जा चुके हैं पांच आरोपी
उद्यमी अपहरण मामले में पुलिस इससे पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब कपिल और दीपक की गिरफ्तारी से पुलिस को पूरे गिरोह का पता लगाने में मदद मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि इनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य साथियों और उनकी गतिविधियों के बारे में पता लगाया जाएगा। आरोपी दीपक व कपिल पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम था। दोनों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
फोटो : 24: मुठभेड़ में घायल आरोपी अस्पताल ले जाती पुलिस टीम। स्रोत पुलिस प्रवक्ता