ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर क्षेत्र निवासी एक युवती ने दूसरे समुदाय के युवक पर अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि इससे परेशान होकर उसने उस कंपनी से नौकरी छोड़ दी, जिसमें आरोपी काम करता था। इसके बावजूद आरोपी उसका पीछा नहीं छोड़ रहा है। पीड़िता की शिकायत पर ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। युवती का आरोप है कि वह पूर्व में ईकोटेक-3 क्षेत्र की एक फैक्ट्री में निजाम नाम के युवक के साथ काम करती थी। आरोपी ने झांसे में लेकर उसके फोटो खींच लिए।
आरोपी ने अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। आरोपी पीड़िता पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा और मना करने पर फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने आरोपी से परेशान होकर नौकरी छोड़ दी। इसके बावजूद भी आरोपी उसका पीछा करता है। उसे फोन कर धमकी देता है कि वह उसकी नहीं हो सकती तो किसी की नहीं होगी। आरोपी की हरकतों से परेशान युवती का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
पति और प्रेमिका पर कराया केस दर्ज
ऊंची दनकौर निवासी एक महिला ने पति और उसकी प्रेमिका पर मारपीट का आरोप लगाकर कोतवाली में केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि पति अरविंद का कस्बे की एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसका विरोध करने पर पति उसके साथ मारपीट करता है। दो दिन पहले पति रात में प्रेमिका के साथ घर पहुंचा। जब विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ मारपीट कर दी। परिवार के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
बाइक की टक्कर से महिला का टूटा पैर
ऊंची दनकौर गांव में बाइक सवार एक युवक ने बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। इससे महिला का पैर टूट गया। पीड़ित परिवार ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ शिकायत की है। ऊंची दनकौर निवासी नरेंद्र योगी का कहना है कि उनकी 82 वर्षीय बुजुर्ग दादी रविवार सुबह घर से कुछ दूरी स्थित मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गई थीं। इसी दौरान कस्बा निवासी एक युवक ने बाइक से उनको जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। आसपास के लोगों ने दादी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।