नई दिल्ली। लाल किला धमाके जान गंवाने वाले लोगों के लिए बृहस्पतिवार को सरोजिनी नगर मार्केट में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, व्यापारियों और धमाकों में परिजनों को खो चुके पीड़ित परिवारों ने भाग लिया।
श्रद्धांजलि सभा में लाल किला धमाके में मारे गए पंकज साहनी के पिता राम बालक साहनी ने दीप जलाकर और फूल चढ़ाकर पुत्र व अन्य मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में 2005, 2008 और 2011 में हुए बम धमाकों के पीड़ित भी शामिल हुए। इनमें मनीषा, विनोद पोद्दार, कुलदीप सिंह, सुरेंद्र, शकील अहमद और संगीता सहित कई लोग उपस्थित रहे। इस दौरान सरोजिनी नगर मार्केट के व्यापारियों और ग्राहकों ने भी मोमबत्तियां जलाकर शांति और एकता का संदेश दिया। सभा का आयोजन साउथ एशियन फोरम फॉर पीपल अगेंस्ट टेरर (पंजीकृत) ने किया। संगठन के अध्यक्ष अशोक रंधावा ने कहा कि सरकार को आतंकवादी हमलों में मारे गए लोगों के परिजनों को सरकारी नौकरियों में 2 फीसदी आरक्षण प्रदान करना चाहिए ताकि उन्हें सामाजिक और आर्थिक सहयोग मिल सके। वहीं, सभा का समापन दो मिनट के मौन और भारत माता की जय के नारों के साथ किया गया।