आरसी ग्रीन में ट्रांसफार्मर ट्रिप, कई घंटे गुल रही बिजली
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट की बिजली आपूर्ति सोमवार रात और मंगलवार सुबह कई घंटे बाधित रही। दोनों बार आरसी ग्रीन बिजली घर में ट्रांसफार्मर ट्रिप हो गया था। हालांकि, इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, कई घंटे आपूर्ति बंद होने से सेक्टर, सोसाइटी के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट के करीब 65 प्रतिशत क्षेत्र में आपूर्ति बंद रही। आरसी ग्रीन बिजली घर में 160 एमवीए का ट्रांसफार्मर सोमवार रात करीब दस बजे ट्रिप हो गया। एनपीसीएल के पास ट्रांसफार्मर ट्रिप होने से 200 मेगावाट बिजली आपूर्ति कम हो गई। जबकि, शहर में 400 मेगावाट की खपत है। इससे कासना, दनकौर, सेक्टर म्यू, बिल्डर्स एरिया, नॉलेज पार्क, सेक्टर अल्फा, बीटा, गामा, स्वर्णनगरी समेत अन्य जगहों पर करीब 40 मिनट तक आपूर्ति बंद रही। सेक्टरों व ग्रामीण क्षेत्र के लोग गर्मी से तिलमिला उठे। लोग घर के बाहर बैठकर बिजली का इंतजार करते दिखे। मंगलवार सुबह दस बजे फिर बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इस बार आरसी ग्रीन बिजली घर में दो ट्रांसफार्मर ट्रिप कर गए। इससे एनपीसीएल के पास अचानक 260 मेगावाट बिजली का लोड कम हो गया। शहर के 65 प्रतिशत क्षेत्र में दो घंटे तक आपूर्ति बंद हो गई। ग्रेनो वेस्ट, औद्योगिक सेक्टर, कासना में गर्मी के बीच आपूर्ति बंद होने से लोगों का हाल बेहाल रहा।
ग्रेनो वेस्ट की लाइन भी हो गई ट्रिप
ग्रेनो वेस्ट की 20 से अधिक सोसाइटियों में भी सोमवार रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। एनपीसीएल के अफसरों ने बताया कि रात करीब 12 बजे आरसी ग्रीन से ग्रेनो वेस्ट जा रही एक 33 केवी की लाइन ट्रिप हो गई। कोई फॉल्ट भी नहीं हुआ था। फिर भी चालू होने में दो बजे गए। आपूर्ति बाधित होने से इरोस संपूर्णम, अजनारा, पंचशील, लॉ रेसिडेंसिया, साया, गौड़ सिटी के 14,16 व अन्य एवेन्यू, फ्यूजन होम्स, न्यू वे होम्स, हिमालय प्राइड के लोग परेशान रहे। लोगों का कहना है कि आपूर्ति बंद होने से जनरेटर की महंगी बिजली का उपयोग करना पड़ा, लेकिन एसी नहीं चले। आरोप है कि लगातार ट्रिपिंग हो रही है। शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा।
वर्जन
सोमवार रात आरसी ग्रीन का एक ट्रांसफर ट्रिप हो गया था। 200 मेगावाट बिजली का लोड कम हो गया। ग्रेनो वेस्ट की 33 केवी की एक लाइन ट्रिप होने से कई सोसाइटियों में कटौती हुई। वहीं, मंगलवार को आरसी ग्रीन के दो ट्रांसफार्मर बंद हो गए। इससे 260 मेगावाट बिजली का लोड कम हो गया। इस कारण कटौती करनी पड़ी। ट्रांसफार्मर ट्रिप होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सारनाथ गांगुली, वाइस प्रेसिडेंट (ऑपरेशन) एनपीसीएल