जिले के 100 स्कूलों में जल्द लगेंगी स्मार्ट कक्षाएं
नूंह। नूंह का पिछड़ापन दूर करने के लिए यहां के बच्चों का साक्षर होना जरूरी है। इसके लिए जिले में अस्सी के दशक से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही मेवात विकास एजेंसी (एमडीए) अब नूंह के 100 सरकारी स्कूलों का कायाकल्प करेगी। इन सभी सरकारी स्कूलों में बच्चों की आधुनिक शिक्षा की जरूरत को पूरा करने लिए तमाम सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इसके लिए जिले के हर खंड से 20-20 स्कूलों को लिया जाएगा। शिक्षा विभाग ने उपायुक्त की अनुमति लेकर फाइल को मेवात विकास एजेंसी (एमडीए) के पास भेज दिया है। बजट आने के बाद स्कूलों में विद्यार्थियों को स्मार्ट कक्षाओं का लाभ दिया जाएगा। हालांकि जिले में इससे पूर्व दस स्कूलों में बच्चों की स्मार्ट कक्षाएं लगाई जा रही हैं लेकिन सौ स्कूलों में एक साथ स्मार्ट कक्षाओं के लगने से जिले के हजारों बच्चे लाभान्वित होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से बिना अध्यापकों के चल रहे स्कूलों की सूची मांगी है। प्राथमिक कक्षा से दसवीं तक के स्कूलों में ये स्मार्ट कक्षाएं लगाई जाएंगी।
ये है स्कूलों की संख्या
प्राथमिक 479
माध्यमिक 264
सीनियर सेकेंड्री 77
हाई स्कूल 24
मेवात मॉडल स्कूल 5
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय 5
40 से 50 लाख रुपये होंगे खर्च
जिले के इन सभी सरकारी स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं के विकास पर 40 से 50 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके तहत स्मार्ट बोर्ड, बिजली, पानी व स्वच्छता के साथ अनुभवी शिक्षकों को इस कार्य की जिम्मेदारी दी जाएगी। ताकि जिले के बच्चों में शिक्षा की लौ जलाने का विभाग का मकसद पूरा हो सके। साथ ही सभी स्मार्ट स्कूलों में 32 से 40 इंच की एलईडी लगाई जाएंगी ताकि स्कूल में बच्चों की संख्या अधिक होने से उनको पढ़ाई करने में किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। एलईडी के लगने से बच्चों को मनोरंजन, खेल का अतिरिक्त लाभ मिल सकेगा। इससे वह किसी प्रकार के मानसिक तनाव में नहीं रहेंगे।
एमडीए की चेयरमैन ने की थी पहल
नीति आयोग द्वारा नूंह जिले को देश के पिछड़े जिलों की श्रेणी में शामिल करने के बाद से फरीदाबाद की आयुक्त व एमडीए की चेयरमैन जी अनुपमा ने यह पहल की थी। शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में नूंह जिला पिछड़ा हुआ है, जिसे शिक्षा के बल पर दूर किया जा सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है।
सफलता के बाद लिया फैसला
डोनेट एन-आवर व सद्भावना संस्थाओं द्वारा जिले के दस स्कूलों में बच्चों के लिए स्मार्ट कक्षाएं चला रही है, जिससे सौ स्कूलों में उनकी भांति यह प्रयोग के साथ इनका सहयोग लिया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने जिले में सौ स्मार्ट कक्षाएं चलाने का प्रस्ताव मेवात विकास एजेंसी (एमडीए) को भेज दिया है, जैसे ही हमारे पास बजट आएगा, तुरंत स्कूलों में स्मार्ट कक्षाएं चलाई जाएंगी। हमें जल्द ही राशि के आने की उम्मीद है। - कैप्टन इंदू बोकन कसाना, जिला शिक्षा अधिकारी नूंह