चंडीगढ़। हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के इंजीनियरों की कार्य क्षमता बढ़ाने के लिए उन्हें तकनीकी ताैर से प्रशिक्षित किया जाएगा। विभागीय मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता, एसडीओ और जेई को प्रशिक्षित करने के लिए 23 और 24 अक्तूबर को पंचकूला में विशेष कार्यशाला का आयोजन होगा।
हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि अब वक्त है कि हम विभागीय कार्यप्रणाली को स्मार्ट, सस्टेनेबल और टेक्नोलॉजी ड्रिवन बनाएं। कार्यशाला का उद्देश्य तकनीकी दक्षता बढ़ाना, जल गुणवत्ता में सुधार और परियोजना निष्पादन को तेज़ व पारदर्शी बनाना है।
इस दौरान देशभर के विशेषज्ञ वक्ता भी आधुनिक जल प्रबंधन, सस्टेनेबल इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजिकल इनोवेशन पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
कार्यशाला का उद्घाटन जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के आयुक्त एवं सचिव और इंजीनियर इन चीफ करेंगे। समापन सत्र में मंत्री रणबीर गंगवा अभियंताओं को संबोधित करेंगे।