कानपुर। सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर में शनिवार को हुए केएसएस जीके क्विज में सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर की टीम प्रथम रही। प्रतियोगिता में जोन ए के 12 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। छात्रों से विज्ञान, इतिहास, मनोरंजन, अंग्रेजी और खेल जैसे विषयों से प्रश्न पूछे गए।
रैपिड फायर राउंड में प्रत्येक टीम को एक मिनट में आठ प्रश्नों के उत्तर देने थे। इसके साथ बजर राउंड भी हुआ। प्रतियोगिता में डीपीएस आजादनगर द्वितीय और पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय नवाबगंज तृतीय रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या शोभा दास ने की।
उन्होंने विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय की मांग है कि विद्यार्थी हर क्षेत्र के लिए तैयार रहें। प्रतियोगिता के अंत में शीर्ष तीन टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाण पत्र दिया गया।