एक्सप्रेस-वे से जुड़े रास्तों के लिए बना ट्रैफिक प्लान
-वीआईपी गतिविधियां होने पर कुछ देर के लिए होगा ट्रैफिक डायवर्जन, 200 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ग्रेनो के एक्सपो मार्ट में बृहस्पतिवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का शुभारंभ करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आना प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंच चुके हैं। ऐसे में नोएडा-दिल्ली के बीच वीवीआईपी गतिविधियों की तैयारी ट्रैफिक पुलिस ने की है। डीएनडी से लेकर कार्यक्रम स्थल तक हर कट पर 200 से अधिक यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जरूरत पड़ने पर एक्सप्रेस-वे का ट्रैफिक कुछ देर के लिए रोका जा सकता है। एक्सप्रेस-वे से जुड़े रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी मुमकिन है। प्रधानमंत्री का आना हेलीकॉप्टर से प्रस्तावित है।
यातायात पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार डीएनडी व चिल्ला बॉर्डर से ग्रेनो के एक्सपो मार्ट स्थित कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने वाले रास्ते पर करीब 80 कट आते हैं। इनमें फिल्म सिटी मार्ग पर चिल्ला बॉर्डर से लेकर महामाया फ्लाईओवर तक के रास्ते पर आने वाले कट, महामाया फ्लाईओवर से परी चौक तक कट के अलावा एक्सप्रेसवे के नीचे अंडरपास वाले स्थान भी शामिल हैं। सभी कट पर 2-2 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। प्रधानमंत्री या किसी अन्य वीवीआईपी के सड़क मार्ग से आने पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक रोका जाएगा। यातायात से संबंधित कोई भी दिक्कत होने पर संबंधित कट से दूसरे स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया जाएगा। डीएनडी से लेकर एक्सपो मार्ट तक आने-जाने वाले रास्ते पर खराब या दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जल्द हटाने के लिए तीन क्रेन लगाई गई हैं। एक क्रेन डीएनडी से महामाया फ्लाईओवर के बीच रहेगी जबकि दो महामाया फ्लाईओवर से परी चौक के रूट पर रहेंगी। वाहनों के रास्तों में बदलाव के दौरान जाम व अन्य कोई दिक्कत होने पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001 के जरिए मदद ले सकते हैं।
जरूरत पड़ने पर इस तरह से होगा ट्रैफिक डायवर्जन
-चिल्ला बॉर्डर से नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे होते हुए ग्रेनो की ओर जाने वाले वाहनों को सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से सेक्टर-1 गोलचक्कर, सेक्टर-15 के सामने से होते हुए निकाला जाएगा। वाहन चालक डीएससी रोड होते हुए गंतव्य को जा सकते हैं
-डीएनडी से आकर नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को रजनीगंधा चौराहे से होते हुए निकाला जाएगा। यहां से एमपी वन व डीएससी रोड होते हुए गंतव्य को जा सकते हैं
-कालिंदी कुंज बॉर्डर से आकर नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर निकाला जाएगा। यहां से एमपी तीन व डीएससी मार्ग होते हुए जा सकेंगे
-सेक्टर-37 से नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को सेक्टर-44 गोलचक्कर से डबल सर्विस रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। सर्विस रोड से डीएससी रोड की ओर जाकर अलग-अलग स्थानों की तरफ जा सकेंगे।
रास्तों में बदलाव की योजना यहां पर भी
कार्यक्रम स्थल से वीवीआईपी के दिल्ली जाने की स्थिति में डीनएनडी, कालिंदी कुंज व चिल्ला बॉर्डर की तरफ जाने वाले रास्तों पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक रोका जाएगा। जीआईपी मॉल से फिल्म सिटी फ्लाईओवर होकर दिल्ली जाने वाले वाहन, रजीनंगंधा अंडरपास से डीएनडी की ओर जाने वाले वाहन व सेक्टर-1 गोलचक्कर से सेक्टर-14ए फ्लाईओवर होकर दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों को न्यू अशोक नगर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
भारी-मालवाहक वाहनों पर पाबंदी-
ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास 25 से 29 सितंबर तक सुबह 7 से रात 11 बजे तक हल्के, मध्यम व भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा। सभी वाहन ईस्टर्न पेरिफेरल होकर गंतव्य की ओर जा सकेंगे। आवश्यक वस्तुओं जैसे दूध, सब्जियां, फल, चिकित्सीय वाहनों को छूट रहेगी।