गाजियाबाद। कोतवाली क्षेत्र की पंचवटी कॉलोनी में अनजान व्यक्ति के हाथ में अपना मोबाइल देना किराना व्यापारी को महंगा पड़ा। खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताकर आरोपी ने व्यापारी के खाते से 1.45 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। मामले में व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी।
पंचवटी कॉलोनी निवासी रजनीकांत की किराना की दुकान है। उन्होंने बताया कि एक अनजान व्यक्ति उनकी दुकान पर आया। उसने खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताया। ऑनलाइन भुगतान लेने को उनसे बात की। सहमति जताने पर उसने उनसे एप डाउनलोड करने को कहा। कहने लगा कि एक ओटीपी उनके मोबाइल पर आया है। ओटीपी देखने के लिए उन्होंने अपना मोबाइल आरोपी के हाथ में थमा दिया। उसने उनका मोबाइल हैक कर लिया और फिर उनके खाते से 1.45 लाख रुपये निकाल लिए। आरोपी के जाने के बाद मैसेज मिलने पर उनको इसका पता चला। इस बारे में एसीपी रितेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जिस खाते में रकम गई है, उसको फ्रीज कराने की कार्रवाई कराई जा रही है।