नोएडा। गंगनहर की सफाई के लिए आज मध्य रात्रि से हरिद्वार से गंगाजल की आपूर्ति बंद हो जाएगी। 4-5 नवंबर की मध्यरात्रि से हरिद्वार से गंगाजल की आपूर्ति फिर से शुरू होगी। इसके बाद नोएडा-गाजियाबाद में दो-तीन दिन में सुचारु तरीके से पानी मिलने लगेगा।
प्राधिकरण के अनुसार, दशहरा की मध्यरात्रि से आपूर्ति बंद होगी। हरिद्वार से गंगाजल की आपूर्ति बंद होने के बावजूद दो से तीन दिन तक नोएडा वासियों को गंगाजल मिलेगा। पहले से जमा किए गए पानी से यह आपूर्ति होगी। इसके बाद रेनीवेल और ट्यूबवेल से आपूर्ति होगी। जरूरत पड़ने पर वाटर टैंकों से भी पानी मिलेगा।
गंगनहर को बंदकर हर साल सिल्ट की सफाई की जाती है। मानसून में गंगनहर में अत्यधिक मात्रा में सिल्ट आ जाती है। इस वजह से गंगाजल में गंदगी की शिकायतें आती रहती हैं। प्रत्येक वर्ष दशहरे और दिवाली के दौरान करीब एक माह तक गंगनहर को बंद किया जाता है। शहर में 310 ट्यूबवेल और 10 रेनीवेल हैं। इससे सुबह-शाम छह से नौ बजे तक आपूर्ति की जाती है। सामान्य दिनों में 60 से 90 फीसदी गंगाजल में ट्यूबवेल का पानी मिलाकर सप्लाई किया जाता है।
यहां होगी दिक्कत
गंगनहर के बंद होने से नोएडा, इंदिरापुरम, वैशाली, वसुंधरा सहित ट्रांस हिंडन एरिया के बाकी हिस्सों में भी गंगाजल मिलना बंद हो जाएगा। दिवाली के बाद गंगनहर के खुलने के बाद गंगाजल गाजियाबाद के प्रताप विहार प्लांट तक पहुंचेगा। इसके बाद इसे शोधित कर सप्लाई होगी।