संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। शहर की सड़कों और सेक्टरों में लावारिस घूम रहे गोवंश को अब ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम पकड़कर गोशाला पहुंचाएगी। लंपी बीमारी के संक्रमण की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग ने प्राधिकरण को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पकड़े गए गोवंश को पोवारी स्थित गोशाला में रखा जाएगा। लंपी के लक्षण मिलने वाले पशुओं को अन्य गोवंश से अलग रखकर उपचार किया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में लावारिस घूम रहे गोवंश में लंपी के लक्षण दिखाई देने की शिकायतें सामने आई हैं। अब तक करीब 12 गोवंश में लंपी बीमारी की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। शहरवासियों की ओर से सोशल मीडिया पर भी लंपी के लक्षण वाले गोवंश की तस्वीरें साझा की जा रही हैं। पशुपालन विभाग की टीमें इन शिकायतों के आधार पर मौके पर जाकर जांच कर रही हैं।
गोशाला पहुंचने के बाद पशु चिकित्सकों की टीम गोवंश की जांच करेगी। लंपी के लक्षण मिलने पर पशुओं को अलग रखकर उपचार किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। अन्य बीमारियों से पीड़ित गोवंश का भी उपचार किया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा में अभी किसी अन्य गोवंश में लंपी बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है। लावारिस गोवंश को पकड़कर गोशाला पहुंचाने के लिए प्राधिकरण को पत्र लिखा गया है। बीमार पशुओं को अलग रखकर उपचार किया जाएगा। -डॉ. अरुण कुमार सचान, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गौतमबुद्धनगर