नई दिल्ली। महिला दोस्त को प्रभावित करने के लिए एक बदमाश ने पैसे उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। पुलिस की निगाह वीडियो पर पड़ी। छानबीन के बाद पुलिस ने बदमाश और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के पास से चोरी की दो बाइक और पांच मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों की पहचान मूल रूप से फतेहगंज यूपी निवासी वीरेंद्र सक्सेना (24) और मन्नू टाइगर(22) के रूप में हुई।
दक्षिण पश्चिमी जिला डीसीपी गौरव शर्मा के अनुसार जिले के वाहन चोरी निरोधक दस्ते (एएटीएस) की टीम को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो मिला। वीडियो में युवक गाना गाते हुए पैसे उड़ा रहा था। पुलिस टीम ने वीडियो को मुखबिरों को दिखाया। उसकी पहचान वीरेंद्र सक्सेना के रूप में हुई। वह इन दिनों महिपालपुर में रह रहा था और वाहन व मोबाइल चोरी करता था।
एसीपी अभिनंदन जैन की देखरेख में 10 नवंबर को पुलिस टीम ने वीरेंद्र सक्सेना को उसके साथी मन्नू के साथ महिपालपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक वीरेंद्र नशे करने का आदी है और सोशल मीडिया पर सक्रिय है। अपनी महिला मित्र को इंप्रेस करने के लिए अपने लाइफस्टाइल के वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करता था। वह पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपना पता बदलता था। उसने आसानी से पैसे कमाने के लिए मन्नू उर्फ टाइगर के साथ मोबाइल फोन और बाइक चोरी करना शुरू किया था।