संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। आकांक्षी जिला नूंह के अंतर्गत आने वाले तावड़ू शहर में केंद्र सरकार की ओर से करीब 73 लाख रुपये की लागत से छह आधुनिक सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। इन शौचालयों में पुरुषों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की जाएंगी तथा सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पालिका अभियंता मनीष सहरावत के अनुसार शौचालयों का निर्माण वार्ड नंबर 15 स्थित सर छोटू राम पार्क, वार्ड नंबर 16 के प्राचीन देवी भवन, श्याम बिहारी मंदिर के पास नगरपालिका की भूमि, मोतीराम बाजार तथा पुलिस चौकी परिसर में प्रस्तावित है। हालांकि पटौदी चौक पुलिस चौकी और मोतीराम बाजार में निर्माण को लेकर अभी संशय बना हुआ है। यदि इन स्थानों पर किसी प्रकार की समस्या आती है तो वैकल्पिक स्थान चिह्नित कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस बीच शौचालय निर्माण को लेकर विवाद भी गहराने लगा है।
नगर पालिका के वाइस चेयरमैन धर्मेंद्र भारद्वाज और चेयरपर्सन प्रतिनिधि संजय गोयल ने निर्माण पर आपत्ति जताई है। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले पीडब्ल्यूडी की भूमि पर बिना विभागीय अनुमति के निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। स्थानीय लोगों की आपत्ति के बाद कार्य रोक दिया गया। एसडीएम जितेंद्र गर्ग ने बताया कि स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके बाद निर्णय लिया गया कि श्याम बिहारी मंदिर से सटी नगरपालिका की भूमि पर ही आधुनिक शौचालय का निर्माण किया जाएगा।