गामा-2 सेक्टर में बच्चे का अपहरण
- फोटो : सोशल मीडिया
ग्रेटर नोएडा के गामा-2 सेक्टर से चाय विक्रेता के तीन साल के बेटे को शनिवार रात एक युवक अगवा कर ले गया। बच्चे को गोद में ले जाता आरोपी सीसीटीवी में कैद हुआ है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस बच्चे और आरोपी युवक की तलाश कर रही है।
चाय की दुकान चलाने वाली आरती का कहना है कि शनिवार रात लगभग आठ बजे दुकान पर प्रमोद बैठा हुआ था। प्रमोद उसके बेटे वंश को बार-बार खाने के लिए बिस्किट तो कभी रुपये दे रहा था। आरती ने वंश को रुपये और बिस्किट देने से मना कर दिया। कुछ देर बाद वह सेक्टर के सुरक्षाकर्मी को बच्चे को देखने के लिए कहकर दवा लेने चली गई। कुछ देर बाद आरती लौटी तो बच्चा व प्रमोद दुकान पर नहीं थे।
आरोपी की लोकेशन मिली
उसने बताया कि बच्चे को तलाशा गया और सुरक्षाकर्मी ने भी जानकारी से इनकार कर दिया। इसके बाद सीसीटीवी खंगाले गए तो प्रमोद बच्चे को गोद में ले जाता दिखाई दिया। बच्चे के अपहरण का शोर पूरे सेक्टर में मच गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे ने बताया कि आरोपी की लोकेशन सूरजपुर में मिली है। पुलिस टीम सूरजपुर में बच्चे को तलाश रही है। आरोपी युवक महिला की पहचान का था।
गामा-2 से लापता किशोर का सुराग नहीं
बीटा-2 थाना क्षेत्र के ही गामा-2 सेक्टर से शुक्रवार को मोहन राय का बेटा कृष्ण कुमार राय (13) संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। शनिवार रात तक भी उसका कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।